China News: चीन में एक बहुमंजिला इमारत के 15वें तल से दो नवजात बच्चों को नीचे फेंकने वाले एक युवक और उसकी महिला मित्र को मौत की सजा दी गई है। दिल दहलाने वाली यह घटना चोंगकिंग के एक अपार्टमेंट की है। इस घटना के बाद लोग इस कपल को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से सजा की मंजूरी मिलने के बाद इस कपल को मौत के घाट उतार दिया गया।
जानबूझकर बच्चों की हत्या की
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक दो नवंबर 2020 को झांग बो और उसकी महिला मित्र ये चेंगचेन ने दो साल की अपनी बच्ची एवं एक साल के अपने बेटे को अपार्टमेंट की 15वीं मंजिल से नीचे फेंका था। पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि झांग और ये ने दोनों नवजात बच्चों की हत्या करने की साजिश रची। इन दोनों के खिलाफ जानबूझकर हत्या करने का अभियोग दर्ज हुआ था।
सोशल मीडिया के जरिए मिले थे
सरकारी अभियोग कर्यालय से जारी बयान में कहा गया कि झांग और ये दोनों सोशल मीडिया के जरिए एक दूसरे से मिले थे। बाद में दोनों साथ रहने लगे। झांग का अपनी पहली पत्नी से अलगाव हो गया था और वह दोनों बच्चों के साथ रहता था। ये ने उससे कहा था कि अगर वह बच्चों को अपने साथ रखेगा तो वह उसके साथ नहीं रहेगी।
दुर्घटनावश मौत होने की साजिश रची
रिपोर्ट के मुताबिक झांग और ये फरवरी 2020 से ही बच्चों की हत्या करने की साजिश रच रहे थे। बच्चों की हत्या करने के लिए उन्होंने कई तरीके की साजिश रची लेकिन पुलिस को गुमराह करने के लिए इन्होंने बच्चों की दुर्घटनावश मौत होने की साजिश रची। निचली अदालत ने दिसंबर 2021 को दोषियों को मौत की सजा दी जिसके खिलाफ इन्होंने अपील दायर की।
