दुनिया

कनाडा कोर्ट का बड़ा फैसला, दो हाई-प्रोफाइल हत्याओं से जुड़े कातिल को मिली 15 साल की सजा; फिर चर्चा में आया कनिष्क कांड

कनाडा की अदालत ने एअर इंडिया 'कनिष्क' बम विस्फोट मामले से जुड़े संदिग्ध रिपुदमन सिंह मलिक की हत्या के आरोपी टैनर फॉक्स को एक अन्य हत्या के मामले में 15 साल की जेल की सजा सुनाई है।

Image

सुपारी किलर टैनर फॉक्स को 15 साल की जेल (प्रतीकात्मक फोटो)

Canada News: कनाडा की एक अदालत ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए एअर इंडिया कनिष्क बम विस्फोट मामले के एक संदिग्ध की हत्या के लिए पहले से सजायाफ्ता व्यक्ति को हत्या के एक अन्य मामले में 15 साल के कारावास की सजा सुनाई है। कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (सीबीसी) की शुक्रवार की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुपारी लेकर हत्या करने वाले टैनर फॉक्स (25) को ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड निवासी चाड कोलिवस (40) की हत्या का दोष स्वीकार करने के बाद बुधवार को सजा सुनाई गई।

कोलिवस को कहां मारी गई गोली?

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, 21 मार्च 2022 को कोलिवस को उनके घर में गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल कोलिवस की बाद में मौत हो गई। फॉक्स को 2023 में लैटिटिया एसेरा (31) के साथ गिरफ्तार किया गया था। बताया गया कि एसेरा ने घर में अवैध रूप से घुसने का अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे चार साल के कारावास और दो साल की निगरानी की सजा सुनाई गई। वहीं, फॉक्स ने इस साल अप्रैल में हथियार के साथ हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया था।

'कनिष्क' बम विस्फोट में 329 लोगों की मौत

वहीं बताया यह भी गया है कि कोलिवस की हत्या के चार महीने से भी कम समय बाद, 14 जुलाई 2022 को फॉक्स ने सिख कारोबारी और 1985 में हुए एअर इंडिया फ्लाइट 182 "कनिष्क" बम विस्फोट मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल रिपुदमन सिंह मलिक की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह ब्रिटिश कोलंबिया के सरे स्थित एक व्यावसायिक परिसर में अपनी टेस्ला कार में बैठा था। जानकारी के मुताबिक यह आतंकवादी हमला कनाडा में सक्रिय सिख अलगाववादियों ने अंजाम दिया था। इस हमले में 268 कनाडाई, 27 ब्रिटिश और 22 भारतीय नागरिकों सहित विमान में सवार सभी 329 लोगों की मौत हो गई थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article