हरारे: जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 27 साल के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को टीम इंडिया के लिए टी20आई डेब्यू करने का मौका दिया। यश भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में प्रतिनिधित्व करने वाले 124वें खिलाड़ी बने। उनसे पहले राजस्थान के अशोक शर्मा ने सीरीज के पहले मुकाबले में डेब्यू किया था। उनकी जगह दूसरे टी20 में यश ठाकुर को कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 में शामिल किया है।
साल 2017 में किया था विदर्भ के लिए डेब्यू
आईपीएल, घरेलू क्रिकेट और 'इंडिया ए'के श्रीलंका दौरे पर शानदार गेंदबाजी से छाप छोड़ने वाले यश ठाकुर जसप्रीत बुमराह को अपना आदर्श मानते हैं। यश ठाकुर ने साल 2017 में विदर्भ के लिए करियर की शुरुआत पंजाब के खिलाफ लिस्ट ए मुकाबले के साथ की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2028 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ रायपुर में प्रथम श्रेणी डेब्यू किया। 9 साल से वो घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और एक बेहतरीन गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। ठाकुर ने अबतक खेले 32 फर्स्ट-क्लास मैचों में 93 विकेट और 57 लिस्ट-ए मुकाबलों में 90 विकेट अपने नाम किए हैं।
ऐसा रहा है घरेलू क्रिकेट करियर
आईपीएल में यश दो टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 19 मैच खेले जबकि पंजाब किंग्स के लिए तीन मैच खेले हैं। आईपीएल में खेले 22 मैच में उन्होंने 27 विकेट 30.55 के औसत और 10.59 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 30 रन देकर 5 विकेट उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। यश ने अबतक खेले 74 टी20 मैच में 110 विकेट 18.75 के औसत और 8.17 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 16 रन देकर 5 विकेट उनका टी20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है।
