दुनिया

Israel-Hamas War: जल्द थमेगी जंग! इजरायल और हमास के बीच फिर शुरू हुई बातचीत

Israel-Hamas War: हमास के एक नेता ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों ने गाजा में युद्ध विराम के लिए हमास और इजरायल के साथ बातचीत फिर से शुरू कर दी है। वार्ता की जानकारी रखने वाले एक अन्य अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर कतर के मध्यस्थों के फिर से बातचीत शुरू करने की पुष्टि की।

Image

युद्धग्रस्त गाजा

Photo : AP

Israel-Hamas War: हमास के एक नेता ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों ने गाजा में युद्ध विराम के लिए हमास और इजरायल के साथ बातचीत फिर से शुरू कर दी है और 14 महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौता हो जाने की उम्मीद है।

फिर शुरू हुई बातचीत

कतर ने इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ पाने से निराश होकर मिस्र और अमेरिका के मध्यस्थों के साथ वार्ता को पिछले महीने निलंबित कर दिया था। हमास के नेता बासेम नैम ने तुर्किये में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि युद्ध को समाप्त करने, गाजा से बंधकों को रिहा करने और इजरायल में फलस्तीनी कैदियों को मुक्त करने के प्रयासों को हाल के दिनों में पुनः सक्रिय किया गया है।

वार्ता की जानकारी रखने वाले एक अन्य अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर कतर के मध्यस्थों के फिर से बातचीत शुरू करने की पुष्टि की। वार्ता बाधित होने के बाद से वैश्विक और क्षेत्रीय परिदृश्य में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है और पिछले सप्ताह लेबनान में इजरायल और हमास के सहयोगी हिजबुल्ला के बीच युद्ध विराम की घोषणा की गई।

इजरायल के कट्टर समर्थक हैं ट्रंप

ट्रंप इजरायल के कट्टर समर्थक हैं, लेकिन नैम का मानना है कि अमेरिका का भावी प्रशासन स्थिति को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है, क्योंकि ट्रंप ने इस क्षेत्र में युद्धों को रोकने को अपने चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा बनाया था।

हमास के नेतृत्व वाले चरमपंथियों ने सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल में हमला किया था, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसके बाद इजरायल के भीषण जवाबी हमले में कम से कम 44,500 फलस्तीनी मारे गए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article