शहर

IT हब-आर्थिक राजधानी को मिली रफ्तार, चलने वाली है मुंबई-बेंगलुरु स्लीपर वंदे भारत; 16 घंटे में पहुंचाएगी मंजिल

Mumbai-Bengaluru Sleeper Vande Bharat: मुंबई से बेंगलुरु के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक नवंबर को लॉन्च होगी, जो 1128 किलोमीटर के सफर को महज 16 घंटे में कवर करेगी। आइये जानते हैं यह प्रीमियम हाईस्पीड ट्रेन किन स्टेशनों पर ठहराव लेगी और इसका किराया कितना होगा?

Image

स्लीपर वंदे भारत (फोटो-Twitter)

Mumbai-Bengaluru Sleeper Vande Bharat: मुंबई से बेंगलुरु के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी, जो एक नवंबर से बेंगलुरु और मुंबई के बीच शुरू होने वाली है। 1128 किलोमीटर लंबी दूरी को कवर करने के लिए 16 घंटे का समय लेगी। इससे पश्चिमी भारत से दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही पहले से चल रहीं विभिन्न गाड़ियों के बीच यह बड़ा ऑप्शन होगा।

मुंबई से बेंगलुरु के मध्य कई एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हैं, जिसमें वंदे भारत जैसी सेमी हाईस्पीड ट्रेन शामिल नहीं थी। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों शहरों के बीच नई वंदे भारत स्लीपर चलने का प्लान तैयार किया गया। इस नई गाड़ी के चलने से सफर में 22 से 24 घंटे लगने वाला समय घटकर 16 घंटे तक पहुंच जाएगा। इससे यात्रियों के करीब 8 घंटे बच जाएंगे।

स्लीपर वंदे भारत स्टेशन लिस्ट

रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में 16 कोच लगाए गए हैं और सभी कोच पूर्णतया वातानुकूलित (AC) होंगे। ट्रेने में एक समय में 823 यात्रियों को ले जाने के लिए सीटें उपलब्ध होंगी। 27651 गाड़ी संख्या मुंबई से रात्रि 10 बजकर 30 मिनट पर खुलकर कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, रायचूर, गुंतकल और अनंतपुर स्टेशन पर ठहराव लेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 27652 बेंगलुरु सिटी से रात 10 बजे खुलेगी और कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे, कल्याण और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) मुंबई दूसरे दिन दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी।

ट्रेन में श्रेणी के आधार पर कितने कोच

  • 11 AC 3-टियर कोच: 611 बर्थ
  • चार AC 2-टियर कोच: 188 बर्थ
  • एक AC फर्स्ट क्लास कोच: 24 बर्थ

ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटे तक की गति पर संचालन के लिए डिज़ाइन किया गया है। रेलवे अधिकारी के मुताबिक, ट्रेन की उद्घाटन यात्रा बेंगलुरु से शुरू होगी। ट्रेन को BEML ने चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) की तकनीक के आधार पर तैयार किया है। इस प्रीमियम ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को 2600 से लेकर 4250 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, टिकट बुकिंग के समय यह धनराशि कम या ज्यादा हो सकती है।

टिकट कहां से बुक करें: यात्री IRCTC की वेबसाइट, Rail Connect और RailOne ऐप या रेलवे स्टेशन के PRS टिकट काउंटर से टिकट बुक कर सकेंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article