Indonesia : इंडोनेशिया में सोमवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हुआ। राजधानी जकार्ता के बाहरी इलाके में दो ट्रेनों के टकराने की वजह से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गए। सरकारी मीडिया में कहा गया कि रेलवे ट्रैक पर एक लंबी दूरी की ट्रेन ने एक यात्री ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों अंतिम आंकड़ा अभी नहीं आया है और घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
38 घायल अस्पताल में भर्ती
स्थानीय मीडिया में दिखाई गई फुटेज में बेकासी टीमूर स्टेशन के पास मेडिकल ट्रॉलियों पर ले जाए जा रहे यात्रियों को देखा गया। अन्य तस्वीरों में बचावकर्मी ट्रेन के मलबे से लोगों को निकालने की कोशिश करते हुए नजर आए। सरकारी रेलवे कंपनी केरेटा एपीआई इंडोनेशिया (KAI) की प्रवक्ता एन्ने पूर्बा ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की और बताया कि 38 अन्य घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

indonesia
अब भी डिब्बे में फंसे हुए हैं यात्री
उन्होंने कहा कि KAI पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। इंडोनेशियाई संसद के उपाध्यक्ष सुफमी डास्को अहमद जो घटना स्थल पर पहुंचे थे, उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। एक यात्री ने बताया कि टक्कर के समय कुछ लोग 'हिस्टीरिकल'होकर चिल्ला रहे थे। अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने 'कई लोगों को घायल' देखा। जकार्ता पुलिस प्रमुख एसेप एडी सुहेरी ने बताया कि छह या सात लोग अब भी डिब्बों में फंसे हुए हैं।
जनवरी 2024 में भी हुई दुर्घटना
इंडोनेशिया की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में दुर्घटनाएं अपेक्षाकृत अधिक होती हैं, जिसका एक कारण पुराना इंफ्रास्ट्रक्चर और खराब रखरखाव है। जनवरी 2024 में सीसालेंगका में एक खेत में दो ट्रेनों की टक्कर में कई लोगों की मौत हुई थी और दर्जनों घायल हुए थे। ड्रोन से ली गई वीडियो में एक्सप्रेस और कम्यूटर ट्रेन के पटरी से उतरे डिब्बे साफ दिखाई दे रहे थे।
