अमेरिका: कैपिटल बिल्डिंग में ‘लॉक्ड डाउन', पुलिस एवं ट्रंप समर्थकों के बीच हुई झड़प में एक की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2021, 06:56 AM IST

Violence in Capitol Building: अमेरिका में 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनाव को लेकर मचा सियासी घमासान अभी तक खत्म नहीं हुआ है। इस बीच ट्रंप समर्थकों ने कैपिटल बिल्डिंग में जमकर हंगामा किया है।

अमेरिका: कैपिटल बिल्डिंग में ‘लॉक्ड डाउन', पुलिस एवं ट्रंप समर्थकों के बीच हुई झड़प में एक की मौत

वाशिंगटन: अमेरिका में कैपिटल परिसर और व्हाइट हाउस के बाहर निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई है जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। हिंसक झड़प के बाद कैपिटल बिल्डिंग के परिसर में आवाजाही बंद कर दी गई है। स्थानीय सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, ‘बाहरी सुरक्षा खतरे’ के कारण कोई व्यक्ति कैपिटल परिसर से बाहर या उसके भीतर नहीं जा सकता।

वॉशिंगटन डीसी में कर्फ्यू लगा दिया गया है। अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि  कैपिटल बिल्डिंग पर जो हंगामा हमने देखा हम वैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये कानून न मानने वाले की छोटी संख्या है। बाइडन ने कैपिटल बिल्डिंग पर हुए हंगामे को राजद्रोह करार दिया है।

ट्रंप समर्थकों का हंगामा

दरअसल जब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की जीत को प्रमाणित करने के लिए सांसद संसद के संयुक्त सत्र के लिए कैपिटल के भीतर बैठे थे, तभी यूएस (अमेरिका) कैपिटल पुलिस ने इसके भीतर सुरक्षा के उल्लंघन की घोषणा की। कैपिटल के बाहर पुलिस और ट्रंप समर्थकों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने कैपिटल की सीढ़ियों के नीचे लगे अवरोधक तोड़ दिए। कैपिटल पुलिस ने बताया कि इलाके में एक संदिग्ध पैकेट भी मिला है।

ट्रंप बोले- हार स्वीकार नहीं

इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संसद का संयुक्त सत्र शुरू होने से ठीक पहले कहा कि वह चुनाव में हार को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें धांधली हुई है और यह धांधली उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन के लिए की गई, जो नवनिर्वाचित राष्ट्रपति हैं। ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा , ‘जब धांधली हुई हो तब आपको अपनी हार स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ’ ट्रंप ने एक घंटे से अधिक के अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने इस चुनाव में शानदार जीत हासिल की है।

End of Article