Ram Mandir:अमेरिका के 'टाइम्स स्क्वायर' पर दिखेगी 'भगवान राम' और 'राम मंदिर' की तस्वीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 30, 2020, 10:04 PM IST

Pictures of Lord Ram on Times Square in America: पांच अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर न्यूयार्क स्थित टाइम्स स्क्वायर में विशाल बिलबोर्ड पर भी भगवान राम की तस्वीर दिखाई देगी।

Ram Mandir:अमेरिका के 'टाइम्स स्क्वायर' पर दिखेगी 'भगवान राम' और 'राम मंदिर' की तस्वीर

Lord Ram's 3D Picture on Times Square US: अयोध्या 5 अगस्त को बेहद खास पलों की साक्षी होने जा रही है, उस दिन भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा इसको लेकर भगवान राम के भक्तों में भारी उत्साह है और ये देश के साथ पूरा दुनिया के भक्तों में दिख रहा है,वहीं अयोध्या में पांच अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर न्यूयार्क स्थित टाइम्स स्क्वायर में विशाल बिलबोर्ड पर भगवान राम और भव्य राम मंदिर के त्रिआयामी चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।

आयोजकों का कहना है कि इस ऐतिहासिक क्षण को संजोने वाला यह अपनी तरह का अनोखा आयोजन होगा।अमेरिका भारत सार्वजनिक मामलों की समिति के अध्यक्ष जगदीश सेव्हानी ने बुधवार को कहा कि न्यूयार्क में पांच अगस्त को उस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाने की तैयारी की जा रही है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे।

सेव्हानी ने कहा कि विशाल नैस्डेक स्क्रीन के अलावा 17,000 वर्ग फीट वाली एलईडी स्क्रीन पर त्रिआयामी चित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। पांच अगस्त को सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक हिंदी और अंग्रेजी में ‘जय श्री राम’ प्रदर्शित किया जाएगा और भगवान राम के चित्र और वीडियो, मंदिर की संरचना के त्रिआयामी चित्र तथा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शिलान्यास करने के चित्र कई होर्डिंग्स पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

टाइम्स स्क्वायर पर लगे यह बिल बोर्ड दुनिया के सबसे बड़े और आकर्षक बिल बोर्ड में से एक

ये बिल बोर्ड पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। सेव्हानी ने कहा कि भारतीय समुदाय के लोग भी पांच अगस्त को टाइम्स स्क्वायर पर एकत्र होकर उत्सव मनाएंगे और मिठाइयां बाटेंगे।उन्होंने कहा, 'यह एक जीवनकाल या एक शताब्दी में एक बार होने वाली घटना नहीं है। यह मानव जाति के जीवनकाल में एक बार होने वाली घटना है। हम इसे उत्सव के रूप में मनाना चाहते हैं और राम जन्मभूमि शिलान्यास का उत्सव मनाने के लिए टाइम्स स्क्वायर से बेहतर स्थान नहीं हो सकता।'

उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को टाइम्स स्क्वायर भगवान राम के चित्रों से पटा होगा।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण पूरे विश्व के हिंदुओं के सपने सच होने जैसा है। छह साल पहले हमने नहीं सोचा था कि ऐसा दिन भी आएगा। लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह दिन आया है और हम इसे उचित तरीके से मनाना चाहते हैं।”

End of Article