Nord Stream 2 : बाइडन की रूस को बड़ी चेतावनी, यूक्रेन पर हमला हुआ तो कोई नॉर्ड स्ट्रीम 2 नहीं होगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 8, 2022, 10:28 AM IST

Nord Stream 2 : विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन पर हमला यदि होता है तो अमेरिका रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की योजना पर भी काम कर रहा है। पिछले सप्ताह अमेरिका ने अपने 3000  सैनिकों को पूर्वी यूरोप में भेजे जाने की घोषणा की।

Nord Stream 2 : बाइडन की रूस को बड़ी चेतावनी, यूक्रेन पर हमला हुआ तो कोई नॉर्ड स्ट्रीम 2 नहीं होगा
Photo Credit: AP

Ukraine Crisis : यूक्रेन संकट और गहराता जा रहा है। अमेरिका (America) और रूस (Russia) दोनों अपने रुख पर अड़े हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने एक बार फिर दोहराया है कि 'यूक्रेन पर हमला करने पर रूस को भारी कीमत चुकानी होगी।' साथ ही उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर हमला होने की सूरत में कोई 'नॉर्ड स्ट्रीम 2' (Nord Stream 2) परियोजना नहीं होगी। 'नॉर्ड स्ट्रीम 2' से जुड़े एक सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के टैंक एवं सैनिक यदि यूक्रेन की सीमा पार करते हैं तो इस परियोजना के आगे बढ़ने का कोई सवाल ही नहीं है। 

जर्मनी के चांसलर से मुलाकात के बाद बोले बाइडेन
जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज के साथ मुलाकात के बाद बाइडेन ने कहा, 'रूस यदि यूक्रेन पर हमला करता है तो नॉर्ड स्ट्रीम 2 परिजोयना पर आगे नहीं बढ़ा जा सकता है।' जर्मनी चांसलर शोल्ज अमेरिका की अपनी पहली यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचे हैं। 'नॉर्ड स्ट्रीम 2' रूस की महत्वाकांक्षी अंडरवाटर गैस पाइपलाइन परियोजना है। इसे पश्चिमी रूस से पूर्वोत्तर जर्मनी तक बिछाया गया है। इस गैस पाइपलाइन की लंबाई करीब 1275 किलोमीटर है। इस कंपनी का मालिकाना हक रूस के पास है। 

Ukraine Crisis: यूक्रेन पर अमेरिका ने भी दिखाई ताकत, यूरोप के 3 देशों में अपने 3000 सैनिक तैनात करेगा


रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है अमेरिका
विशेषज्ञों का कहना है कि यूक्रेन पर हमला यदि होता है तो अमेरिका रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की योजना पर भी काम कर रहा है। पिछले सप्ताह अमेरिका ने अपने 3000  सैनिकों को पूर्वी यूरोप में भेजे जाने की घोषणा की। रिपोर्टों में कहा गया है कि रूस 70 फीसदी अपनी सेना को यूक्रेन सीमा पर तैनात कर रहा है। इसे देखते हुए तनाव और बढ़ गया है।    

Hindi Samachar 2 फरवरी: पीएम मोदी बोले बजट से साफ- हम किसानों के साथ,  यूक्रेन संकट पर पुतिन का बड़ा बयान


यूक्रेन सीमा पर तैनात हैं 1 लाख रूसी सैनिक
यूक्रेन के पास लगभग एक लाख रूसी बलों की तैनाती पहले से है। पश्चिमी देश इसे संभावित आक्रमण की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, रूस ने अपने पड़ोसी देश पर हमले की किसी भी योजना से इनकार किया है, लेकिन वह अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन या किसी अन्य पूर्व-सोवियत देश को नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) में शामिल होने से रोकने का दबाव बना रहा है। रूस ने क्षेत्र में हथियारों की तैनाती रोकने और पूर्वी यूरोप से नाटो बलों को वापस बुलाने की भी मांग की है। अमेरिका और नाटो ने रूस की मांगों को खारिज कर दिया है।

End of Article