दुनिया

PoJK में 9 जुलाई को कुछ बड़ा होने वाला है! PAK सरकार और सेना को JKAAC का 48 घंटे का अल्टीमेटम; भारत से क्या लगाई गुहार?

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में जारी विरोध प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKAAC) ने पाकिस्तान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनरकी मांगें नहीं मानी गईं तो 9 जुलाई को बड़े स्तर पर आंदोलन होगा। वहीं, भारतीय अधिकारियों का दावा है कि क्षेत्र में राशन और दवाइयों की आपूर्ति रोके जाने से मानवीय संकट गहरा गया है।

Image

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में कई दिनों से विरोध प्रदर्शन जारी है। AI IMAGE

Anti-Pakistan Protests in PoJK: पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन अब और आक्रमक हो चुके हैं। वहां की जनता अब आर-पार के मूड में आ चुकी है। पिछले 48 घंटों में हालात बेहद संवेदनशील हो चुके हैं।

वहीं , आंदोलन का नेतृत्व कर रही जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKAAC) ने पाकिस्तान सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि यदि तय समय के भीतर लोगों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 9 जुलाई को बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। साथ ही संयुक्त राष्ट्र (UN) और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों से 9 जुलाई को PoK का दौरा कर हालात का स्वतंत्र आकलन करने की अपील की गई है।

जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी ने संयुक्त राष्ट्र, इस्लामिक सहयोग संगठन, अंतरराष्ट्रीय मीडिया और वैश्विक मानवाधिकार संगठनों से अपील की है कि वे 9 जुलाई को PoJK पहुंचकर वहां की स्थिति का स्वयं आकलन करें। संगठन का आरोप है कि क्षेत्र में लोगों के साथ सख्ती बरती जा रही है और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

कमेटी ने क्या की मांग?

इसके अलावा, कमेटी ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक धरना और प्रदर्शन जारी रहेंगे। साथ ही, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के लोगों और विदेशों में रह रहे कश्मीरी समुदाय से भी 9 जुलाई के प्रस्तावित आंदोलन में भाग लेने की अपील की गई है।

भारत सरकार से लगाई मदद की गुहार

वहां के लोगों ने भारत सरकार से मदद की अपील की है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, लोगों ने दवाइयों और जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, जो क्षेत्र में पैदा हुए गंभीर मानवीय संकट की ओर इशारा करती है।

अधिकारियों का दावा है कि पाकिस्तान की सैन्य व्यवस्था ने फील्ड मार्शल असीम मुनीर के निर्देश पर पिछले करीब 20 दिनों से PoK में राशन और दवाइयों की आपूर्ति रोक दी है। उनका आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को झुकाने के लिए पूरे क्षेत्र में आर्थिक नाकेबंदी लागू कर दी गई है। इसके चलते लोगों को खाने-पीने की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों को भी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

भारत आने के लिए LoC खोलने की मांग

भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई लोग भारत की ओर पलायन करने की कोशिश कर रहे हैं। संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेता सरदार अमन ने भारत सरकार से नियंत्रण रेखा (LoC) खोलने की अपील की है ताकि जरूरतमंद नागरिक सुरक्षित रूप से भारत आ सकें। उनका कहना है कि यदि हालात नहीं सुधरे तो लोगों के पास क्षेत्र छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article