Earthquake In China: चीन के कई इलाके शुक्रवार सुबह भूकंप से झटकों से हिल उठे। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों एवं इमारतों से बाहर निकल आए। लोगों में भय और उन्हें सुरक्षित जगहों पर शरण लेते हुए देखा गया। अभी इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल का नुकसान होने की खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूगर्भ विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप के झटके सुबह करीब छह बजकर 29 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर भीतर की गहराई पर था। वहीं, अमेरिकी जियोलाजिकल सर्वे ने कहा कि भूकंप का केंद्र यून्नान प्रांत के बाओशान में था।
म्यांमार तक महसूस हुए झटके
भूकंप के ये झटके म्यांमार में भी महसूस किए गए। इससे पहले शुक्रवार तड़के अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता चार थी। इससे पहले गुरुवार को तुर्किये के कोन्या में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था
क्यों आते हैं भूकंप?
पृथ्वी की बाहरी सतह कई बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों से बनी होती है। ये प्लेटें लगातार बहुत धीमी गति से हिलती रहती हैं। जब ये आपस में टकराती हैं, अलग होती हैं या एक-दूसरे के नीचे खिसकती हैं, तो बहुत अधिक दबाव बनता है। जब यह दबाव एक सीमा से ज़्यादा हो जाता है, तो प्लेटें अचानक हिलती हैं और भूकंप आता है।
