दुनिया

दुबई में अचानक बजने लगे सायरन! मिसाइल अलर्ट की चेतावनी, फिर क्यों मिला ऑल क्लियर का संकेत?

Dubai Missile Alert: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने शुक्रवार को दुबई के लिए मिसाइल हमले का अलर्ट जारी किया। हालांकि, कुछ मिनटों बाद अधिकारियों ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए 'ऑल क्लियर' (खतरा टल जाना) का संकेत दे दिया।

Image

दुबई में मिसाइल अलर्ट की चेतावनी (फाइल फोटो)

Photo : AP

Dubai Missile Alert: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने शुक्रवार को दुबई के लिए मिसाइल हमले का अलर्ट जारी किया। इसको लेकर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे के तुरंत बाद जारी की गई इस चेतावनी का कारण तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका।

बकौल अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी, यूएई के गृह मंत्रालय की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर मिसाइल हमले की चेतावनी वाला संदेश भेजा गया। ईरान से जुड़े मौजूदा तनाव के दौरान यह अपनी तरह का पहला अलर्ट था, जिसने दुबई के लोगों को चौंका दिया।

ओमान के तट के पास गुरुवार को एक टैंकर पर ड्रोन हमले के लिए ईरान पर शक जताया जा रहा है। ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण को लेकर इस क्षेत्र और अमेरिका को लगातार चुनौती दे रहा है, जबकि ईरान युद्ध को लेकर अभी एक अंतरिम समझौता जारी है।

क्या टल गया खतरा?

कुछ मिनटों बाद अधिकारियों ने बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए 'ऑल क्लियर' (खतरा टल जाना) का संकेत दे दिया। 'एपी' की खबर के अनुसार, दुबई की तरफ मिसाइल के आने के अलर्ट के बाद अधिकारियों ने लोगों से 'पिछले अलर्ट को नजरअंदाज' करने के लिए कहा।

ईरानी विदेश मंत्री ने यूएई के विदेश मंत्री से की बात

अलर्ट जारी होने के कुछ ही समय बाद यूएई ने जानकारी दी कि विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई।

यूएई की ओर से कहा गया कि शेख अब्दुल्ला ने ईरान से अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया। बयान में कहा गया, "क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय संकटों के समाधान का सबसे बेहतर रास्ता गंभीर कूटनीति और जिम्मेदार संवाद है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article