दुनिया

अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच जेडी वेंस का बड़ा दावा, IRGC और अमेरिकी सेना के बीच बनेगा सीधा संपर्क चैनल

US Iran Conflict: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सीधे संवाद के लिए एक संपर्क चैनल स्थापित होगा।

Image

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस

Photo : AP

US Iran Conflict: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सीधे संवाद के लिए एक संपर्क चैनल स्थापित होगा। इसके लिए अमेरिका और ईरान ने सहमति जताई है। इसका मकसद भविष्य में किसी भी सैन्य टकराव की आशंका को कम करना है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रतिनिधि कतर की राजधानी दोहा में तैनात रहेंगे और किसी भी विवाद की स्थिति में सीधे बातचीत करेंगे।

कैसे खत्म होगा विवाद?

ब्रिटिश समाचार वेबसाइट अनहर्ड को दिए एक इंटरव्यू में जेडी वेंस ने कहा कि ईरानी और अमेरिकी सैन्य अधिकारी दोहा में मीटिंग करेंगे ताकि विवाद को सुलझाया जा सके। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के बारे में वेंस ने कहा, ''उन्होंने (तेहरान) ने कहा कि ठीक है, हम आईआरजीसी से एक प्रतिनिधि दोहा भेजेंगे, जहां वह अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रतिनिधि से मुलाकात करेंगे और इसी जरिए कई विवादों का समाधान किया जाएगा।

वेंस ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी ईरान और आईआरजीसी के साथ इकोनॉमिक इंसेंटिव्स को लेकर ऐसी बातचीत कर रहा है, जो पहले कभी नहीं हुई थी। बकौल वेंस, यूएई ईरान और आईआरजीसी के साथ विभिन्न प्रकार के आर्थिक प्रोत्साहनों पर चर्चा कर रहा है, जो दोनों पक्षों के संबंधों में नई पहल है।

इस बीच, यूनाइटेड स्टेट्स और गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) ने गुरुवार को बहरीन के मनामा में आयोजित एक मंत्रिस्तरीय बैठक में अपनी रणनीतिक साझेदारी को दोहराया। बैठक की सह-अध्यक्षता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल ज़यानी ने की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article