दुनिया

अफगानिस्तान के हमले से पाकिस्तान में दहशत? रावलपिंडी, क्वेटा और कोहाट तक घुस रहे ड्रोन

पाकिस्तान के हमले के बाद अफगानिस्तान ने बिना किसी फाइटर जेट के पाकिस्तान पर ऐसा हमला बोला है कि उसकी हालत खराब है। पाकिस्तान के एयरडिफेंस भारी भरकम हथियार छोड़कर उसे रोक रहे हैं, फिर भी नुकसान हो रहा है।

Image

अफगानिस्तान में तालिबान लड़ाके (फोटो- AP)

अफगानिस्तान, पाकिस्तान पर हमले के लिए अपने ड्रोन्स का सहारा ले रहा है। तालिबान के लड़ाके पाकिस्तानी शहरों को एक के बाद ड्रोन से हमला कर रहे हैं। जिसे पाकिस्तान रोक तो ले रहा है, ऐसा दावा है, लेकिन उसके मलबे से लोग घायल हो रहे हैं। तालिबान के ये ड्रोन सीमा पर नहीं रोके जा रहे हैं, बल्कि इस्लामाबाद के नजदीकी शहरों तक पहुंच जा रहे हैं, जहां उन्हें सेना नष्ट कर रही है।

किन-किन शहरों पर गिरे ड्रोन के मलबे

पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान में अपने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए गए अफगान तालिबान के ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से दो बच्चों सहित कम से कम चार लोग घायल हो गए। सेना ने बताया कि इन ड्रोन को शुक्रवार को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही राजधानी इस्लामाबाद से सटे रावलपिंडी, क्वेटा और कोहाट में रोककर नष्ट कर दिया गया।

पाकिस्तानी सेना ने क्या कहा

सेना की मीडिया शाखा ’इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) के अनुसार, इन हमलों का मकसद लोगों में डर पैदा करना था और ये ’’हमें उस आतंकवादी मानसिकता की याद दिलाते हैं, जिससे अफगान तालिबान प्रेरित है।’’ सेना की मीडिया शाखा ने कहा कि इन ड्रोन को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया और वे अपने तयशुदा लक्ष्यों तक नहीं पहुंच सके लेकिन इनके मलबे के कारण क्वेटा में दो बच्चे तथा कोहाट एवं रावलपिंडी में एक-एक नागरिक घायल हो गए। उसने कहा, ’’अफगान तालिबान एक ओर दुनिया की सहानुभूति हासिल करने के लिए खुद को पीड़ित के रूप में पेश करता है, वहीं दूसरी ओर वह अपने आतंकवादी सरगनाओं और अपने ड्रोन के जरिए नागरिकों को सक्रिय रूप से निशाना बनाता है।’’ सेना ने कहा कि पाकिस्तान और उसकी सेना अफगान तालिबान की ’’असलियत से वाकिफ’’ हैं।

पाक सेना ने तालिबान को दी धमकी

सेना ने यह भी दोहराया कि अफगान तालिबान जब तक अफगान धरती पर आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की मूल चिंताओं का समाधान नहीं करता, तब तक ’ऑपरेशन गजब लिल-हक’ जारी रहेगा। उसने कहा, ’’सशस्त्र बल आतंकवाद और उसके विभिन्न स्वरूपों, जैसे अफगान तालिबान के ड्रोन हमलों, के खिलाफ लड़ाई में दृढ़ता से डटे हुए हैं।’’ बयान में कहा गया, ’’हम आतंकवादियों एवं उनके मददगारों से पाकिस्तान की जनता की रक्षा करते रहेंगे और अफगान तालिबान की ऐसी उकसावे वाली कार्रवाइयों के सामने पीछे नहीं हटेंगे।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article