शहर

भोपाल के न्यू मार्केट में भीषण आग से हड़कंप, मिनटों में कई दुकानें जलकर राख; करोड़ों का नुकसान

Bhopal New Market Fire: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर एक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

Image

भोपाल के लोकप्रिय न्यू मार्केट में लगी भयंकर आग

Photo : ANI

Bhopal New Market Fire: भोपाल के लोकप्रिय और भीड़भाड़ वाले न्यू मार्केट इलाके में गुरुवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। दोपहर करीब 3:17 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 30 फीट ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने दो घंटे कीो कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में गनीमत यह रही कि किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, आग की वजह से दुकानदारों को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत एक छोले-भटूरे की दुकान से हुई, जिसके पास दो एलपीजी सिलेंडर रखे थे। माना जा रहा है कि सिलेंडरों में विस्फोट होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस आग ने एक कुर्ता-पैजामा स्टोर, मोबाइल फोन की दुकान, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड गारमेंट्स आउटलेट को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। दुकानदारों का कहना है कि आगामी त्योहारों (दीवाली) को लेकर भारी मात्रा में नया स्टॉक दुकानों में डंप किया गया था, जो इस अग्निकांड में जल गया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने प्रशासन के सामने अतिक्रमण का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।

मौके पर पहुंचे राज्य के मंत्री और स्थानीय विधायक विश्वास सारंग ने स्थिति का जायजा लेते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यह घटना सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए न्यू मार्केट क्षेत्र को जल्द ही पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। पुलिस फिलहाल आग लगने के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article