ईद खत्म होते ही पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर फिर से गोले बरसाने शुरू कर दिए हैं। पाकिस्तान के इस हमले में अफगानिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा है। इस हमले में दो अफगानी नागरिकों की मौत हो गई है। साथ ही कई के घायल होने की खबर भी है। अफगान तालिबान अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियां तबाह
AP की रिपोर्ट के अनुसार अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में सूचना और संस्कृति विभाग के प्रवक्ता जिया-उर-रहमान स्पिंगहर ने बताया कि मुस्लिमों के त्योहार ईद-उल-फितर से पहले दोनों पक्षों ने संक्षिप्त संघर्षविराम की घोषणा की थी। इसके खत्म होते ही पाकिस्तानी बलों ने नराई और सरकानो जिलों में दर्जनों तोप के गोले दागे, जिससे दो नागरिकों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए, जिसके बाद अफगान सीमा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। स्पिंगहर ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों को तबाह कर दिया और एक व्यक्ति को मार गिराया।ट
वार पलटवार जारी
हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। पाकिस्तान की सेना की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है। इस बीच, उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान के एक स्थानीय अधिकारी ने अफगान बलों पर कई क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू करने का आरोप लगाया।
हुआ था संघर्ष विराम
सऊदी अरब, तुर्किये और कतर के अनुरोध पर अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों पर रोक को लेकर दोनों पक्षों के सहमति जताने के करीब एक सप्ताह बाद ये हमले हुए हैं। ईद के दौरान दोनों देशों के बीच अस्थाई संघर्ष विराम हुआ था। जो अब टूटता दिख रहा है। कुछ दिनों पहले पाकिस्तान ने काबुल के एक अस्पताल पर बमबारी की थी, जिसमें 400 से अधिक लोग मारे गए थे। पाकिस्तान के इस विभत्स हमले की भारत ने निंदा की थी। वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
