Greenland Controversy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का विरोध करने वाले 8 यूरोपीय देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि वह फरवरी से 8 यूरोपीय देशों से आयात होने वाले सामान पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे।
ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड्स और फिनलैंड पर यह टैरिफ लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ग्रीनलैंड की 'पूर्ण और सम्पूर्ण खरीद' को लेकर अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं होता है, तो 1 जून से यह शुल्क बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया जाएगा।
दुनियाभर के देशों को धमका चुके हैं ट्रंप
इससे पहले, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को संकेत दिया था कि ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का समर्थन नहीं करने वाले देशों पर शुल्क लगाकर उन्हें दंडित किया जा सकता है। दरअसल, ट्रंप लगातार ग्रीनलैंड को कब्जे में लेने की बात कह रहे हैं। ग्रीनलैंड, नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) का एक अर्ध स्वायत्त क्षेत्र है और ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि आर्कटिक द्वीप पर अमेरिका के नियंत्रण से कम कुछ भी स्वीकार नहीं है।
उन्होंने शुक्रवार को बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए कहा था, ''अगर कोई देश ग्रीनलैंड के मुद्दे पर सहमत नहीं होता है, तो मैं उस पर शुल्क लगा सकता हूं। हमें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड की आवश्यकता है।''
