कीव में कई धमाके, ड्रोन अटैक
कीव शहर प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने कहा कि राजधानी कीव में कई विस्फोट सुने गए, जहां गिरते मलबे में आग लगा गई। वायु रक्षा प्रणाली मिसाइलों-ड्रोन को रोकने की कोशिश कर रही थी। तकाचेंको ने टेलीग्राम पर लिखा, हमारे वायु रक्षा दल हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन हमें एक-दूसरे की रक्षा करनी चाहिए - सुरक्षित रहें। अधिकारियों ने कई जिलों में नुकसान की सूचना दी और बचाव कर्मी कई स्थानों पर राहत कार्य कर रहे थे। उन्होंने निवासियों से आश्रय लेने का आग्रह किया।
16 मंजिला इमारत में लगी आग
सोलोम्यांस्की जिले में 16 मंजिला आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। आपातकालीन सेवाओं ने अपार्टमेंट से तीन लोगों को निकाला, और बचाव अभियान जारी है। एक और आग मेटल के गोदाम में लगी। तकाचेंको ने कहा कि हमले में कीव में दो स्टेशनों के बीच मेट्रो ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन कोई आग या चोट नहीं लगी। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन प्रमुख दिमित्रो ब्रायज़िन्स्की के अनुसार, उत्तरी चेर्निहाइव क्षेत्र में एक शाहिद ड्रोन एक अपार्टमेंट इमारत के पास फट गया, जिससे खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। उन्होंने कहा कि शहर के बाहरी इलाकों में बैलिस्टिक मिसाइलों से विस्फोट भी दर्ज किए गए।

हमले के दौरान मेट्रो स्टेशन पर शरण लेते लोग
रात में यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुआ जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन और रूस को अलग करने और शांति की दिशा में आगे बढ़ने से पहले उन्हें थोड़ी देर के लिए लड़ने देना बेहतर होगा। ट्रंप की यह टिप्पणी तीन साल से चल रहे युद्ध को रोकने की ट्रंप की अक्सर की जाने वाली अपील से बिल्कुल हटकर है।
रूस का कीव पर हमले का सिलसिला
इससे पहले 25 मई को भी रूस ने कीव पर भीषण हमला किया था। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया था कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 250 शाहिद ड्रोन से हमला किया। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की सेना ने छह मिसाइलों को मार गिराया और 117 ड्रोन को रोक दिया, जबकि 128 ड्रोन को मार गिराया। कीव शहर के सैन्य प्रशासन ने कहा कि यह राजधानी पर सबसे बड़े संयुक्त मिसाइल और ड्रोन हमलों में से एक था।
सबसे अधिक नुकसान ओबोलोन जिले में हुआ
यूक्रेन की राजधानी के कम से कम छह शहरी जिलों में रोकी गई मिसाइलों और ड्रोन का मलबा गिरा। कीव के सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, हमले के बाद छह लोगों का इलाज किया गया और कीव के सोलोमियान्स्की जिले में दो जगहों पर आग लग गई। प्रशासन ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान ओबोलोन जिले में हुआ, जहां हमले में एक रिहायशी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और इस इलाके में कम से कम पांच लोग घायल हुए।
यूक्रेन ने किए 41 युद्धक विमान तबाह
वहीं, 4 जून को यूक्रेन ने कई रूसी युद्धक विमानों को तबाह कर दिया था। यूक्रने के एक बड़े ड्रोन हमले में 41 रूसी युद्धक विमान नष्ट हो गए। इन विमानों में बमवर्षक और अन्य प्रकार के लड़ाकू विमान शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की योजना लगभग डेढ़ साल से अधिक समय से बनाई जा रही थी। यूक्रेन ने तबाही की तस्वीरें भी दिखाई थीं।
प्लैनेट लैब्स पीबीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई सैटेलाइट तस्वीरों में बेलाया वायु सेना अड्डे पर विमान का मलबा और जला हुआ क्षेत्र देखा जा सकता है। तस्वीरों में कम से कम तीन ‘टीयू-95 बमवर्षक’ और चार ‘टीयू-22एम बमवर्षक’ नष्ट हुए दिखाई दिए। विमान घास के मैदान से घिरे रनवे के पास खड़े थे। हालांकि, अड्डे पर मौजूद अन्य विमान सुरक्षित दिखाई दिए।
