दुनिया

चीन में सिरफिरे ड्राइवर ने भीड़ पर चढ़ाई गाड़ी, 35 लोगों की मौत, 43 घायल

स्थानीय पुलिस ने एक बयान में कहा, फैन उपनाम वाले 62 वर्षीय ड्राइवर पर आरोप है कि उसने एक छोटी एसयूवी को बैरियर से होते हुए झुहाई स्पोर्ट्स सेंटर में घुसा दिया और कई लोगों को रौंद दिया।

Image

सिरफिरे ड्राइवर ने भीड़ पर चढ़ाई गाड़ी

Photo : AP

चीन के झुहाई शहर में सोमवार को भीड़ में एक कार के घुसने से 35 लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए, आधिकारिक मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हादसे के वक्त झुहाई एयरशो की मेजबानी कर रहा था। हालांकि घटना का पूरा विवरण अभी तक जारी नहीं किया गया है, सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने कहा कि एक कार के लोगों से टकराने से 35 लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने झुहाई शहर में कार टक्कर मामले में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास करने का आग्रह किया है। शिन्हुआ की रिपोर्ट में कहा गया है कि शी ने अपराधी के लिए कानून के मुताबिक सजा देने की अपील की है।

स्थानीय पुलिस ने एक बयान में कहा, फैन उपनाम वाले 62 वर्षीय ड्राइवर पर आरोप है कि उसने एक छोटी एसयूवी को बैरियर से होते हुए झुहाई स्पोर्ट्स सेंटर में घुसा दिया और कई लोगों को रौंद दिया। पुलिस ने कहा कि भागने की कोशिश करते समय उसे गिरफ्तार कर लिया गया और चोटों के कारण वह फिलहाल कोमा में है। बताया जा रहा है कि फैन ने तलाक के बाद संपत्ति समझौते के नतीजे से नाराज होकर घटना को अंजाम दिया। कोमा में होने के कारण अधिकारी उससे पूछताछ नहीं कर पा रहे हैं।

चश्मदीदों द्वारा पोस्ट किए गए घटना के अधिकांश वीडियो चीनी सोशल मीडिया से हटा दिए गए हैं, लेकिन कुछ फुटेज अभी भी ऑनलाइन प्रसारित हो रहे हैं, जिसमें कई लोग जमीन पर लेटे हुए हैं और पैरामेडिक्स और आसपास खड़े लोग उनकी मदद कर रहे हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने चीनी समाचार पत्रिका कैक्सिन को बताया कि घटना के समय कम से कम छह समूह के लोग नियमित सैर के लिए स्टेडियम में जमा हुए थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article