स्पोर्ट्स

Commonwealth Games 2026: स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू का बड़ा फैसला, एशियन गेम्स को देखते हुए नई उठाएंगी 90 किग्रा वजन

Mirabai Chanu Not To Go For Snatch 90 Kg Weight In CWG 2026: एशियन गेम्स कुछ ही समय बाद जापान में आयोजित होने हैं इसलिए कई भारतीय खिलाड़ी उसको नजर में रखते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बड़े फैसले लेते नजर आ रहे हैं। चैंपियन वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने ऐसा ही एक फैसला लिया है।

Image

मीराबाई चानू (X)

India In Commonwealth Games 2026: भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू राष्ट्रमंडल खेलों में स्नैच में 90 किग्रा वजन उठाने का मुश्किल प्रयास नहीं करेंगी क्योंकि वह इसी साल होने वाले एशियाई खेलों के लिए अपनी ऊर्जा बचाकर रखना चाहती हैं जहां उन्हें पहली बार पोडियम पर जगह बनाने की उम्मीद है। तोक्या ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली और राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास कर रहीं चानू ने कहा कि उनकी ट्रेनिंग की रणनीति एशियाई खेलों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। एशियाई खेल जापान में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होंगे।

चानू ने बृहस्पतिवार को पीटीआई से कहा, "मैं राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी पूरी ताकत नहीं लगाऊंगी। मेरा ध्यान एशियाई खेलों पर है जो बहुत जल्द होने वाले हैं। मैं उसी हिसाब से ट्रेनिंग कर रही हूं। इसलिए यहां मेरा प्रदर्शन और कोशिश उसी योजना पर निर्भर करेगी।" इस पूर्व विश्व चैंपियन ने कहा कि वह एशियाई खेलों में पूरी ताकत लगाएंगी जहां उन्हें चीन, थाईलैंड और उत्तर कोरिया जैसे पारंपरिक दिग्गजों से मुकाबला करना होगा।

चानू ने कहा, "आप असल में यह अनुमान नहीं लगा सकते कि किसी खास दिन शरीर कैसा प्रदर्शन करेगा लेकिन मैं एशियाई खेले में निश्चित रूप से 90 किग्रा वजन उठाने की कोशिश करूंगी।" चानू के अपने शानदार करियर में ओलंपिक में रजत पदक, विश्व चैंपियनशिप में दो पदक और राष्ट्रमंडल खेलों में तीन पदक जीते हैं लेकिन एशियाई खेलों का पदक उनके पास नहीं है।

मणिपुर की यह स्टार खिलाड़ी यहां महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में सबसे बड़ी दावेदार हैं। उन्हें अपना राष्ट्रमंडल खेलों का चौथा पदक और लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने के लिए बस स्नैच और क्लीन एवं जर्क में सही तरीके से लिफ्ट पूरी करनी होगी। चानू ने यह भी बताया कि लॉस एंजिलिस 2028 खेलों से पहले ओलंपिक वजन वर्ग में बदलाव के बाद वह एशियाई खेलों के बाद 53 किग्रा वर्ग में जाने की सोच रही हैं। स्थाई बदलाव से पहले वह राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किग्रा और एशियाई खेलों में 49 किग्रा वर्ग में हिस्सा लेंगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article