National Unity Day 2026 : सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन इस बार खास होने जा रहा है। समारोह में पहली बार भव्य एकता परेड का आयोजन सुबह के बजाय शाम को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, देश की सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इस बार नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता और ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने जैसे विषयों पर भी विशेष जोर रहेगा।
नक्सलवाद के खिलाफ अभियान की सफलता होगी प्रमुख थीम
राष्ट्रीय एकता दिवस के समारोह में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों और इससे प्रभावित क्षेत्रों में आए बदलावों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए सुरक्षा बलों के प्रयासों, विकास कार्यों और नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों के मुख्यधारा से जुड़ने की कहानी सामने रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नक्सलवाद पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म भी दिखाई जाएगी। इसके माध्यम से नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई और प्रभावित क्षेत्रों में हुए बदलावों को दर्शाने की तैयारी है।
करीब 5,000 लोग होंगे शामिल
इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 5,000 लोगों को आमंत्रित किया गया है। इनमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे। उनकी भागीदारी के जरिए हिंसा से शांति, पिछड़ेपन से विकास और अलगाव से राष्ट्रीय एकता की ओर बढ़ने का संदेश दिया जाएगा।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाला यह समारोह देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर मिली उपलब्धियों को सामने रखने का अवसर भी होगा।
