इस धरती पर कई ऐसे जीव पाए जाते हैं जो जहरीले होते हैं। इनका जहर इंसान के शरीर में जाते ही मौत का कारण बन जाता है। कई जीवों के जहर इतने खतरनाक होते हैं कि शरीर में जाते ही चंद मिनटों में जान चली जाती है।
आज हम ऐसे ही दो जहरीले जंतुओं के जहर की तुलना करेंगे, जिनके जहर इंसानों के लिए जानलेवा हो सकते हैं। हम बात कर रहे हैं सांप और बिच्छु की। आइए देखते हैं कि इन दोनों में से किसका जहर ज्यादा खतरनाक होता है।
सांप और बिच्छू दोनों ही भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में पाए जाते हैं। इनके काटने या डंक मारने से शरीर में तुरंत ही इनका जहर फैल जाता है और अपना असर दिखाने लगता है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि इन दोनों में से किसका जहर ज्यादा खतरनाक है।
सबसे पहले हम बात कर लेते हैं सांप की। ये तो हम सबको पता है कि दुनिया का हर सांप जहरीला नहीं होता। कोबरा, करैत, वाइपर और किंग कोबरा जैसे कुछ सांप बहुत ही जहरीले होते हैं। इनके जहर इतने खतरनाक होते हैं कि इनके काटने से इंसानों की तुरंत ही मौत हो सकती है।
इन सांपों के काटने से नसों में खून थक्के की तरह जम जाता है और खून का बहाव रुक जाता है। ऐसे में अगर समय पर इंसान को इलाज ना मिले तो उसकी जान भी जा सकती है। कई बार इन सांपों के जहर को शरीर में फैलने से रोकने के लिए एंटीवेनम का इंजेक्शन लगाया जाता है, जिससे संभवत: जान बच जाती है, लेकिन जरा भी देर हुई तो मौत पक्की है।
अब बात कर लेते हैं बिच्छू की, जिसके डंक मारते ही शरीर में जलन भरी लहरें उठने लगती हैं। बिच्छू का डंक बहुत ही दर्दनाक होता है; खासतौर पर बच्चों या बुजुर्गों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में बिच्छू का डंक जानलेवा नहीं होता। उचित इलाज से इस दर्द भरे डंक से राहत पाई जा सकती है।
अगर इन दोनों के जहर की तुलना करें तो सांप का जहर बिच्छू के जहर से ज्यादा खतरनाक हो सकता है। सांप के काटने से जहर की मात्रा शरीर में ज्यादा हो जाती है, जिससे इंसानों की मौत भी हो सकती है। इसकी तुलना में बिच्छू के डंक मारने से जहर शरीर में कम जाता है और अक्सर इलाज से तुरंत ठीक भी हो जाता है।