शहर

लुधियाना में बेरहमी से हत्या,हमलावरों ने युवक का हाथ काटकर किराना दुकानदार को पॉलीथिन में थमाया,फिर कही ये बात

लुधियाना में घर में घुसकर 5-6 हमलावरों ने तलवारों और धारदार हथियारों से एक युवक पर हमला कर दिया। जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

पंजाब पुलिस।

पंजाब के लुधियाना में शनिवार को हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 5-6 हमलावरों ने एक घर में घुसकर युवक पर तलवारों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक का एक हाथ काट दिया और कटे हुए हाथ को सफेद पॉलीथीन में डालकर पास की किराना दुकान के मालिक को सौंप दिया। उन्होंने दुकानदार से कहा कि वह इसे युवक के परिवार तक पहुंचा दे। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान गुरमीत सिंह सीडी के रूप में हुई है। पुलिस अन्य हमलावरों की तलाश में जुटी है।

घर में घुसकर तलवारों से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, घटना लुधियाना के डाबा इलाके में रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास हुई। हमलावर हथियारों के साथ घर में घुसे और शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवारों और अन्य धारदार हथियारों से उस पर कई वार किए।

इस दौरान घर के मालिक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। हमले में शक्ति सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसका एक हाथ काट दिया और उसे सफेद पॉलीथीन में रखकर पास की किराना दुकान के मालिक को सौंप दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद घायल शक्ति सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लुधियाना की एसीपी रूप दीप कौर ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह सी डी को गिरफ्तार कर लिया है। डाबा थाने के एसएचओ जितेंद्र कुमार के अनुसार,मृतक के खिलाफ पहले 12 आपराधिक मामले दर्ज हो चुके थे। पुलिस को आशंका है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असल वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article