देश

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, इंदौर से 11वां संदिग्ध हिरासत में

Tiger Shroff Firing: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मध्य प्रदेश के इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिया।

Image

अभिनेता टाइगर श्रॉफ (फोटो साभार: @iTIGERSHROFF)

Photo : Twitter

Tiger Shroff Firing: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने मध्य प्रदेश के इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिया। जांच एजेंसियां आरोपियों की कथित भूमिका और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उनके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) की सख्त धाराएं लगाने की तैयारी भी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार को इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। इससे पहले पुलिस गोलीबारी मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांचकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ मकोका लगाने के लिए जरूरी सबूत जुटाने और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने का काम शुरू कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर गोलीबारी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, कम से कम दो लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर कई गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के दौरान पांच से छह राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी।

गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ को गंभीर चोट नहीं आई, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बाद में अंधेरी इलाके से बरामद की गई। पुलिस इसे जांच में एक अहम सुराग मानकर आगे की पड़ताल कर रही है।

होटल के कमरे को किया गया सील

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई के अंधेरी स्थित उस होटल के कमरे को अधिकारियों ने सील कर दिया, जहां तीन मुख्य आरोपियों के कथित तौर पर ठहरने की जानकारी सामने आई। सूत्रों के हवाले से बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच इस आरोप की भी जांच कर रही है कि घटना को अंजाम देने से पहले हमलावरों ने किसी अज्ञात स्थान पर गोली चलाने की प्रैक्टिस की। जांच के तहत तीनों आरोपियों के साथ घटनास्थल का रीक्रिएशन भी किए जाने की संभावना है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article