वायरल न्यूज़

धरती के अंदर बसा पूरा गांव, यहां जमीन खोदकर बनाते हैं घर, अनोखे इंजीनियरिंग का Video हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक पूरा का पूरा गांव जमीन के अंदर बसा हुआ है। वीडियो के कैप्शन में इस गांव के बारे में बताया गया है।

Image

जमीन के अंदर बने घर (X/@sciencegirl)

दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं, जिनके बारे में जानकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। कहीं लोग पहाड़ों के ऊपर घर बनाते हैं, तो कहीं समुद्र के किनारे जिंदगी बिताते हैं लेकिन क्या आपने कभी ऐसे घरों के बारे में सुना है, जो जमीन के नीचे बने हों? अगर नहीं तो आज हम आपको एक ऐसी जगह का वीडियो (Video) दिखाएंगे, जहां लोगों ने अपने घरों को जमीन के अंदर बनाया हुआ है। इस अनोखी इंजीनियरिंग का वीडियो सोशल साइट एक्स पर @sciencegirl नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में घर के अंदर बने कमरों तक की डिजाइनिंग दिखाई गई है।

कहां है यह गांव?

इस वीडियो (Video) के कैप्शन में दिए गए जानकारी के अनुसार, यह गांव उत्तरी अफ्रीका के देश ट्यूनीशिया में बसा है। जिसका नाम मातमाता (Matmata) है। यहां कई घर जमीन के अंदर बनाए गए हैं। इन घरों के कमरे गहरे गड्ढों को खोदकर तैयार किए जाते हैं और उन्हें आपस में जोड़ने के लिए सुरंगों का इस्तेमाल किया जाता है। इन घरों को देखकर ऐसा लगता है, जैसे जमीन के नीचे एक अलग ही दुनिया बसी हुई हो।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

जमीन खोदकर बनाए जाते हैं घर

मातमाता की सबसे खास बात यहां के ट्रेडिशनल अंडरग्राउंड घर हैं। इन्हें बनाने के लिए पहले जमीन में एक बड़ा और गहरा गड्ढा खोदा जाता है। इसके बाद गड्ढे की दीवारों के आसपास कमरे बनाए जाते हैं। कई जगह इन कमरों को आपस में जोड़ने के लिए रास्ते और सुरंगें भी होती हैं। इन घरों का डिजाइन आम घरों से बिल्कुल अलग होता है। जहां ज्यादातर घरों की छत आसमान की तरफ दिखाई देती है, वहीं इन घरों का बड़ा हिस्सा जमीन के अंदर छिपा रहता है। बाहर से देखने पर कई बार सिर्फ गड्ढे का खुला हिस्सा और अंदर जाने का रास्ता दिखाई देता है।

आखिर जमीन के नीचे क्यों रहते हैं लोग?

मातमाता एक शुष्क इलाके में स्थित है, जहां गर्मियों में तापमान काफी बढ़ सकता है। ऐसे में जमीन के अंदर बने घरों का एक बड़ा फायदा यह है कि वे बाहर की तेज गर्मी से बचाव करने में मदद करते हैं। जमीन के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले बहुत कम रहता है और लोगों को भीषण गर्मी के मौसम में भी राहत रहती है। ऐसे घरों का फायादा यह होता है कि ये सिर्फ दिन की तपिश को ही कम नहीं करते बल्कि ऐसे घर रात की ठंड से भी लोगों को बचाते हैं। हालांकि, घरों का आराम इस बात पर भी निर्भर करता है कि उन्हें कैसे बनाया गया है और उनमें हवा आने-जाने की व्यवस्था कैसी है। मातमाता में बने ये घर वहां के लोगों के सिर्फ रहने की ही जगह नहीं हैं, बल्कि वहां के लोगों की समझ और पुराने वास्तुकला का उदाहरण भी है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article