केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने 212.34 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड मामले में मुंबई स्थित IL&FS एनर्जी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड और उसके प्रबंध निदेशकों व निदेशकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। केनरा बैंक के मुंबई स्थित बांद्रा ईस्ट सर्किल ऑफिस की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। CBI ने 21 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज करने के बाद मुंबई, दिल्ली और नोएडा समेत कई स्थानों पर छापेमारी की।
CBI ने कंपनी के प्रबंध निदेशकों और निदेशकों सुनील वाधवा, अनूप सेठ, हरि शंकरन, रमेश चंद्र बावा और अरुण कुमार साहा के अलावा अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों को भी मामले में आरोपी बनाया है। आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कथित अपराधों की जांच की जा रही है।
सिंडिकेट बैंक से 100 करोड़ रुपये का टर्म लोन लेने का आरोप
CBI की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर तत्कालीन सिंडिकेट बैंक, जो अब केनरा बैंक है, की मुंबई स्थित LCB शाखा से 100 करोड़ रुपये का टर्म लोन लिया था। इसके अलावा बैंक की लंदन शाखा से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर की राशि भी प्राप्त की गई थी।
आरोप है कि कंपनी ने बैंक से मिले फंड का इस्तेमाल उस निर्धारित उद्देश्य के लिए नहीं किया, जिसके लिए लोन मंजूर किया गया था। इसके बजाय, कथित तौर पर सहयोगी कंपनियों के माध्यम से रकम को दूसरी जगह डायवर्ट किया गया। इससे बैंक को 212.34 करोड़ रुपये का नुकसान होने का आरोप है।
छापेमारी में बैंक दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड बरामद
मामला दर्ज करने के बाद CBI ने कंपनी के प्रबंध निदेशकों और निदेशकों से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान जांच एजेंसी ने बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमा पर्चियां, म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो के रिकॉर्ड, बैंक खातों और संपत्तियों का विवरण तथा कंपनी के लेजर सहित कई दस्तावेज बरामद कर जब्त किए। CBI के मुताबिक, बरामद दस्तावेज मामले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
CBI अब कथित साजिश के पूरे दायरे का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि लोन की रकम का वास्तविक इस्तेमाल कहां किया गया और इस कथित बैंक फ्रॉड में किन-किन लोगों की भूमिका रही। मामले में सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
