हैदराबाद के एक किशोर ने अपनी मां को जन्मदिन की बधाई देने के लिए ऐसा अनोखा तरीका अपनाया कि लोग उसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। आमतौर पर बच्चे अपनी मां को जन्मदिन पर कार्ड, फूल या कोई गिफ्ट देते हैं, लेकिन इस लड़के ने टेक्नोलॉजी की मदद से एक छोटा रोबोट ही बना डाला। इस रोबोट ने रोपवे के जरिए उसकी मां तक जन्मदिन का कार्ड पहुंचाया। अब इस अनोखे आइडिया का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब वायरल हो रहा है।
मां के लिए बनाया खास सरप्राइज
इस युवा इनोवेटर का नाम भुवनेश है। वह दसवीं कक्षा में पढ़ता है और खुद को रोबोटिक्स ट्रेनर बताता है। भुवनेश ने इंस्टाग्राम पर अपने इस प्रोजेक्ट का वीडियो शेयर किया। इसमें उसने बताया कि कैसे उसने अपनी मां के जन्मदिन को खास बनाने के लिए एक छोटा रोपवे सिस्टम तैयार किया। भुवनेश का यह आइडिया दिखाता है कि किसी अपने को खुश करने के लिए महंगे गिफ्ट की जरूरत नहीं होती। अगर सोच नई हो और कुछ अलग करने का जुनून हो, तो एक साधारण-सा कार्ड भी खास बन सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ऐसे काम करता है मिनी रोबोट
भुवनेश ने इस प्रोजेक्ट को बनाने के लिए कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया। इनमें Arduino Uno, इन्फ्रारेड यानी IR सेंसर और रेडियो फ्रीक्वेंसी यानी RF वायरलेस मॉड्यूल शामिल हैं। इनकी मदद से उसने ऐसा सिस्टम बनाया, जो सेंसर के सामने किसी के आने पर काम करने लगता है। वीडियो में भुवनेश सबसे पहले अपने प्रोजेक्ट के अलग-अलग हिस्सों को दिखाता है। इसके बाद वह बताता है कि सेंसर, वायरलेस मॉड्यूल और रोबोट मिलकर कैसे काम करते हैं।
सेंसर के सामने हाथ रखते ही चल पड़ा रोबोट
वीडियो (Video) में भुवनेश अपने हाथ को IR सेंसर के सामने रखता है। सेंसर हाथ की मौजूदगी का पता लगाता है और RF मॉड्यूल के जरिए दूसरे छोर पर सिग्नल भेजा जाता है। इसके बाद रिसीवर सिस्टम को सक्रिय करता है और रोपवे से जुड़ा छोटा रोबोट चलने लगता है। रस्सी पर चलते हुए यह रोबोट अपने साथ जन्मदिन का कार्ड लेकर आगे बढ़ता है और उसे तय जगह तक पहुंचाता है। कार्ड पहुंचाने का यह तरीका देखने में काफी दिलचस्प है, क्योंकि इसमें एक छोटे से गिफ्ट को पहुंचाने के लिए रोबोटिक्स और वायरलेस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। भुवनेश ने वीडियो के साथ लिखा, “मेरी मां के लिए जन्मदिन का कार्ड रोपवे सेटअप के साथ।”
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे तारीफ
भुवनेश के इस अनोखे प्रोजेक्ट को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उसकी तारीफ की। कुछ लोगों ने इसे बेहद शानदार आइडिया बताया, तो कुछ ने उसे अपनी रुचि को आगे बढ़ाने और नए प्रयोग करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
