कहते हैं कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। हाल में कुछ ऐसा ही नजारा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिला। जहां एक एम्बुलेंस का पेट्रोल खत्म हुआ तो कुछ बाइक सवार उसे पैर से धक्का लगाते हुए दिखे।
क्रिटिकल मोमेंट को युवाओं ने कुछ ऐसे संभाला
दिल छू लेने वाली घटना का यह वीडियो कहां और कब का है इसकी जानकारी वीडियो में नहीं दी गई है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक एम्बुलेंस का पेट्रोल (या डीजल) अचानक खत्म हो गया। ऐसे क्रिटिकल मोमेंट में कुछ बाइक सवार युवा वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने एम्बुलेंस के पीछे पैर लगाकर उसे धक्का देते रहे और इस विपरित स्थिति में भी एम्बुलेंस सड़क पर फर्राटे भरती रही।
पेट्रोल हुआ खत्म फिर भी चलती रही एम्बुलेंस
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ये बाइक राइडर्स बारी-बारी से एम्बुलेंस को पैर लगाकर उसे पूरी रफ्तार में दौड़ा रहे हैं। इस दौरान एम्बुलेंस की लाइट्स जल रही थीं और सायरन की आवाज भी सुनाई दे रही थी, जो पूरे नजारे को किसी फिल्मी सीन की तरह बना रही थी।
इंसानियत की मिसाल पेश कर रहा है यह वीडियो
इंसानियत की मिसाल पेश करते इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट कर उन बाइक सवारों की खूब तारीफ भी की है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ये असली फरिश्ते हैं, इस एम्बुलेंस से ज्यादा बड़ा इनका दिल बड़ा है।" दूसरे ने लिखा, "इंसानियत जिंदा है, इस दुनिया में अभी भी ऐसे लोग मौजूद हैं।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
