MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती का काम किया जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले इन चुनाव नतीजों को अहम माना जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए कि मतगणना केंद्रों पर मतगणना समाप्त होने तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ऑटो स्विच जनरेटर आदि भी उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में मतगणना का काम बाधित न हो।
मतगणना की सीसीटीवी से निगरानी
उन्होंने मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रक्रिया की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी और सीसीटीवी की व्यवस्था तथा मतगणना में लगाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय से निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। रिणवा ने बताया कि मतगणना केंद्रों में किसी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति न दी जाए और प्रत्येक मतगणना मेज पर पर्याप्त स्टेशनरी उपलब्ध कराई जाए।
नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा
उन्होंने बताया कि एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत आनुपातिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था के कारण मतगणना में अधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आरक्षित ड्यूटी पर भी रखा जाए। रिणवा ने उम्मीदवारों को मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनके लिए आवश्यक बैज की व्यवस्था करने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना का पूरा काम निर्धारित नियमों और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कराया जाए तथा किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
काउंटिंग में लग सकता है समय
रिणवा ने बताया कि मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में एकल संक्रमणीय मत (STV) प्रणाली के जरिए आनुपातिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था लागू होती है। इस वजह से मतगणना की प्रक्रिया में अधिक समय लगने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों को रिजर्व ड्यूटी पर रखा जाना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर मतगणना का काम बिना किसी रुकावट के जारी रखा जा सके।
