दुनिया

बालेन शाह की भारत यात्रा से पहले काठमांडू में राजनयिक हलचल तेज, विदेश सचिव मिस्री पहुंच रहे काठमांडू

काठमांडू पोस्ट ने दिल्ली में एवं काठमांडू में स्थित अपने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। यही नहीं, मिस्री के काठमांडू पहुंचने से एक दिन पहले नेपाल में नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला अपनी राजनयिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए काठमांडू पहुंच रहे हैं।

Image

22 नवंबर को भारत आ सकते हैं नेपाल के पीएम।

Balendra Shah India visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे की तस्वीर साफ हो गई है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक शाह के भारत दौरे की रूपरेखा तैयार करने के लिए भारतीय विदेश मंत्री विक्रम मिस्री चार नवंबर को काठमांडू पहुंच रहे हैं। पोस्ट ने दिल्ली में एवं काठमांडू में स्थित अपने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। यही नहीं, मिस्री के काठमांडू पहुंचने से एक दिन पहले नेपाल में नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला अपनी राजनयिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए काठमांडू पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि सभी चीजें तय कार्यक्रम के अनुसार हुईं तो शाह दिल्ली की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शाह 22 नवंबर को दिल्ली पहुंच सकते हैं।

पीएम के रूप में पहली बार भारत आएंगे बालेन शाह

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो शाह 22 नवंबर को पहली बार भारत की आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। यह यात्रा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर होगी। नेपाल के एक वरिष्ठ विदेश मंत्रालय अधिकारी ने द पोस्ट को शाह की यात्रा की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्ष शाह की भारत यात्रा के संभावित एजेंडे पर चर्चा करेंगे।

अभी इस यात्रा की आधिकारिक घोषणा नहीं

मिस्री 6 नवंबर को मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद नई दिल्ली लौटने वाले हैं। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस दौरान उनकी मुलाकात शाह से होगी या नहीं। हालांकि, दोनों देशों की ओर से अभी तक इस यात्रा की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन काठमांडू और नई दिल्ली में शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बुधवार को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बार फिर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद शाह को भारत आने का न्योता दिया था।

नेपाल की अपेक्षाओं पर चर्चा कर सकते हैं मिस्री

नई दिल्ली ने शुरुआत में मई के दूसरे सप्ताह में विदेश सचिव विक्रम मिस्री को काठमांडू भेजने की योजना बनाई थी, ताकि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बनी नई सरकार के साथ बातचीत की जा सके। हालांकि, प्रोटोकॉल संबंधी मुद्दों का हवाला देते हुए इस प्रस्तावित यात्रा को टाल दिया गया था। मिस्री की आगामी यात्रा के दौरान दोनों पक्ष संभावित एजेंडे और शाह की भारत यात्रा को लेकर नेपाल की अपेक्षाओं पर चर्चा कर सकते हैं।

कई परियोजनाओं का हो सकता है उद्घाटन

इस दौरान भारत की मदद से पूरी हुई कई परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। वहीं, भारत की आर्थिक सहायता से शुरू होने वाली कुछ अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जा सकता है। इसके अलावा, भारत की ओर से नेपाल के लिए नई आर्थिक सहायता की घोषणा किए जाने की भी उम्मीद है। इसमें हाल ही में भोतेकोशी में आई बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए मदद भी शामिल हो सकती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article