क्रिकेट

IND vs NZ 4th T20I: चौथे टी20 में जीत का चौका जड़ने पर टीम इंडिया की नजर, इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा। सीरीज में 3-0 की बढ़त बना चुकी टीम इंडिया की नजर जीत का चौका जड़ने पर होंगी।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड, चौथा टी20 मैच प्रीव्यू

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत न्यूजीलैंड के बीच आज खेला जाएगा चौथा टी20 मुकाबला
  • भारतीय टीम सीरीज में है 3-0 से आगे
  • कुलदीप यादव को मिल सकता है प्लेइंग-11 में मौका

ऑकलैंड: सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को चौथे टी20 मैच में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकती है। दोनों स्पिनरों को पिछले कुछ महीनों में उतने मौके नहीं मिले हैं क्योंकि टीम प्रबंधन आठवें नंबर तक बल्लेबाजों को चुनने की रणनीति पर जोर देता आया है। अब तक यह रणनीति कारगर भी रही है जिसके दम पर भारत ने तीनों मैच जीते। अगले दो मैचों में अब उतना दबाव नहीं है तो भारत अपने टीम संयोजन में प्रयोग कर सकता है।

वरुण चक्रवर्ती का अच्छा नहीं रहा है फॉर्म

वरुण का फॉर्म पिछले छह महीने में अच्छा नहीं रहा है लेकिन कुलदीप ने बीच के ओवरों में विकेट चटकाये हैं। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में दो मैचों में मौका मिला लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन मैचों में बेंच पर ही रहे। कुलदीप को और बाहर रखने से उनके आत्मविश्वास पर असर हो सकता है लेकिन उन्हें टीम में लाने के लिये निचले क्रम तक बल्लेबाजी की मानसिकता से पार पाना होगा।

पिछले मुकाबले में नहीं मिला अक्षर और धीर को मौका

तीसरे टी20 में दो स्पिनर हरफनमौला अक्षर पटेल और नमन धीर थे जिन्हें गेंदबाजी का भी मौका नहीं मिला। अब तक 115 मैचों में 7.70 की इकॉनॉमी से गेंदबाजी करने वाले अक्षर मौजूदा सीरीज में 9.58 रन प्रति ओवर की दर से रन दे चुके हैं और उन्हें दो ही विकेट मिले हैं।

भुवी नहीं छोड़ पाए हैं अपनी छाप

तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने वेलिंगटन में पिछले मैच में डैथ ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया और आखिरी ओवर में लगातार यॉर्कर डाले। पहले तीन मैचों में हालांकि उन्होंने 72 गेंद में 139 रन दे डाले और वह काफी महंगे साबित हुए। चार साल बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे भुवनेश्वर को इसमें सुधार करना होगा। पिछले दो मैचों में मयंक यादव की जगह प्रिंस यादव को उतारा गया। अब देखना है कि मयंक को मौका मिलता है या टीम अब तक प्रभावी रहे प्रिंस पर ही भरोसा करती है।

ईशान किशन की हो सकती है वापसी

ईशान किशन ग्रोइन की चोट के कारण पिछले दो मैच नहीं खेल सके। वह अगर कल भी नहीं खेल पाते हैं तो वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका मिल सकता है। वेलिंगटन में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन अभिषेक शर्मा की पारी ने सुर्खियां बंटोरी।

भारतीय टॉप ऑर्डर पर लगाम लगाने की होगी मेजबान के सामने चुनौती

न्यूजीलैंड के लिये सबसे बड़ी चुनौती भारतीय शीर्षक्रम पर अंकुश लगाने की होगी। संजू सैमसन, अभिषेक और सूर्यवंशी ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन करके न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को परेशान किया है। कप्तान मिचेल सेंटनेर ने बायें हाथ की स्पिन गेंदबाजी से प्रभावित किया लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका । भारत ने वेलिंगटन में पहले छह ओवरों में ही रिकॉर्ड 118 रन बना लिये थे। मैट हेनरी के बाद लॉकी फर्ग्युसन के भी चोट के कारण सीरीज से बाहर होने से न्यूजीलैंड टीम को एक और झटका लगा है ।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, कुमार कुशाग्र, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड:

फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉनवे, मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, मैट फिशर, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article