वायरल न्यूज़

गजब! डॉक्टर ने सांप की पहचान के लिए मांगी फोटो, घरवाले जिंदा कोबरा लेकर पहुंचे अस्पताल; मचा हड़कंप, देखें Video

Viral Video: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक युवक को कोबरा सांप ने काट लिया। इलाज के लिए परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वे सांप को भी पकड़कर साथ ले आए।

Viral Video: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया, लेकिन उससे भी ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि उसके परिजन सांप (snake viral video) को भी पकड़कर अस्पताल ले आए। अस्पताल में जैसे ही लोगों को इस बात का पता चला, वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, मांचल गांव निवासी 35 वर्षीय बिजेंद्र यादव अपने पशुओं के लिए चारा निकाल रहे थे।

इसी दौरान एक बोरी के नीचे छिपे कोबरा सांप ने अचानक उनके पैर के अंगूठे पर काट लिया। सांप के डसते ही उनके पैर से खून निकलने लगा और उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बिना देर किए बिजेंद्र को बहरोड़ जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मरीज की जांच शुरू की और सांप की पहचान के बारे में जानकारी मांगी, ताकि इलाज सही तरीके से किया जा सके। सबसे पहले ग्रामीणों ने डॉक्टरों को मोबाइल में सांप की तस्वीर दिखाई।

इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उस कोबरा को पकड़ लिया और उसे एक कट्टे में बंद कर अस्पताल ले आए। अस्पताल में जब लोगों को पता चला कि कट्टे में जिंदा कोबरा है, तो कई लोग घबरा गए। वहीं कुछ लोग उत्सुकता के कारण सांप को देखने के लिए भी इकट्ठा हो गए। बाद में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सांप को सावधानी से एक प्लास्टिक के डिब्बे में रखा गया।

इसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने राहत महसूस की। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने की वजह से मरीज का इलाज तुरंत शुरू किया जा सका और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सांप काट ले तो घबराने की बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। सांप की पहचान के लिए उसकी फोटो लेना मददगार हो सकता है, लेकिन उसे पकड़ने की कोशिश करना खतरनाक साबित हो सकता है। यह अनोखी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग परिजनों की इस अनोखी पहल पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article