आज के समय में शारीरिक मेहनत से बचने के लिए जहां लोग छोटी-छोटी दूरियों के लिए भी गाड़ी का सहारा लेते हैं, वहीं एक साइकिल सवार ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिससे यह साबित हो गया कि अगर इंसान चाह ले तो क्या कुछ नहीं हो सकता। फिलहाल इस साइकिल सवार युवक का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
119 दिन में कोलकाता से लद्दाख
वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर बताया जा रहा है कि इस युवक ने कोलकाता से लद्दाख (Kolkata to Ladakh) तक का लंबा और मुश्किल सफर सिर्फ साइकिल पर पूरा किया। इस यात्रा को पूरा करने में युवक को 119 दिन का समय लगा। बता दें कि यह यात्रा उस युवक के लिए बिल्कुल आसान नहीं था। रास्ते में उसे कई राज्यों से होकर गुजरना पड़ा, जहां मौसम, सड़कें और हालात हर जगह अलग-अलग थे। किसी जगह पर तेज गर्मी तो कभी भारी बारिश और कभी पहाड़ों की कड़क ठंड। युवक ने हर चुनौती का डटकर सामना किया और आगे बढ़ता रहा।टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
शख्स के हौसले के आगे पहाड़ भी झुके
सबसे कठिन हिस्सा तब आया जब वह हिमालय के ऊंचे पहाड़ों की तरफ बढ़ा। लद्दाख का इलाका अपने खतरनाक रास्तों, पतली हवा और ऊंचाई के कारण ही खतरनाक माना जाता है। यहां सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन इस साइकिलिस्ट ने हार नहीं मानी। धीरे-धीरे, रोज थोड़ा-थोड़ा आगे बढ़ते हुए उसने आखिरकार अपना लक्ष्य पूरा कर लिया। युवक के इस पूरे सफर में उसे कई बार थकान, चोट और अकेलेपन का सामना करना पड़ा लेकिन उसका हौसला कभी नहीं टूटा। रास्ते में कई जगह स्थानीय लोगों ने उसकी मदद भी की। कहीं किसी ने खाने के लिए दिया, तो कहीं किसी ने उसे रहने की जगह दी।
युवक की इस कहानी ने लोगों को किया प्रेरित
सोशल मीडिया पर जैसे ही इस सफर की कहानी सामने आई, लोग उस युवक की तारीफ करने लगे। जहां कई यूजर्स ने लिखा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि हिम्मत और जुनून की मिसाल है। कुछ लोगों ने उस युवक को असली हीरो बताया, तो कुछ ने लिखा कि अगर मन में ठान लो, तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है।डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
