वायरल न्यूज़

VIDEO: ये आराम का मामला है...लोकल ट्रेन में नहीं मिली सीट तो कुर्सी लगाकर बैठ गई महिला, देखते रह गए अन्य यात्री

Viral Video: सोशल मीडिया पर लोकल ट्रेन के अंदर का मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अपनी कुर्सी लेकर ट्रेन के गलियारे में बड़े ठाठ से बैठी नजर आ रही हैं। भारतीय रेल या लोकल ट्रेनों में सीट के लिए होने वाली जद्दोजहद से बचने का यह देसी और अनोखा तरीका देखकर कोच में मौजूद अन्य यात्री भी मुस्कुराने पर मजबूर हो गए।

Image

महिला का अनोखा स्वैग (तस्वीर साभार- @not_so_funny_travel)

Viral Video: भारतीय रेल और खासकर लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले हर यात्री का सबसे बड़ा सपना होता है कि एक अदद बैठने की सीट। ऑफिस जाने की जल्दी हो या घर लौटने की थकान, भीड़भाड़ वाले कोच में सीट मिलना किसी जंग जीतने से कम नहीं होता। लेकिन कहते हैं न कि 'आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है' और भारत में 'जुगाड़' का कोई तोड़ नहीं है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मजेदार वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, जिसे देखकर आप भी कहेंगे कि समस्या का ऐसा समाधान शायद ही किसी ने सोचा होगा।

वायरल हो रहे इस वीडियो में एक लोकल ट्रेन के लेडीज कोच का नजारा दिखाई दे रहा है। कोच की सामान्य सीटों पर यात्री बैठे हैं और कुछ लोग खड़े होकर सफर कर रहे हैं। तभी कैमरे की नजर कोच के बीचों-बीच खाली जगह पर जाती है, जहां एक बुजुर्ग महिला किसी भी सामान्य सीट के बजाय अपनी खुद की हरे रंग की प्लास्टिक की कुर्सी डालकर बड़े ही इत्मीनान से बैठी हुई हैं। महिला के बैठने का अंदाज इतना शाही और बेफिक्र है कि मानो वह किसी भीड़भाड़ वाली ट्रेन में नहीं, बल्कि अपने घर के आंगन या ड्राइंग रूम में बैठकर शाम की हवा का आनंद ले रही हों। उन्होंने अपनी गोद में एक सफेद थैला रखा है, एक हाथ कुर्सी के हत्थे पर टिकाया है और दूसरे हाथ की उंगलियों पर गाल रखकर बेहद शांत भाव से बाहर की ओर देख रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला के इस अनोखे और आत्मविश्वास से भरे अंदाज को देखकर कोच में मौजूद अन्य महिलाएं भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रही हैं। पास ही बैठी एक महिला इस पूरे नजारे को देखकर मुस्कुराती हुई नजर आती हैं, जबकि पीछे खड़े कुछ यात्री अपने मोबाइल फोन में इस अद्भुत पल को कैद करते दिख रहे हैं। देखें वीडियो...

महिला का धांसू अंदाज

वीडियो में इस अनोखे जुगाड़ को देखकर आप भी दंग रह गए होंगे। सोच रहे होंगे कि महिला का जलवा तो अलग लेवल का है। अब यह वीडियो लोगों के बीच छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर इस मजेदार वीडियो को not_so_funny_travel नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि जब रेलवे आपको कंफर्म सीट न दे, तो आत्मनिर्भर बनें और अपना सिंहासन खुद साथ लेकर चलें। एक अन्य यूजर ने लिखा कि आंटी का कॉन्फिडेंस लेवल अलग ही ऊंचाई पर है, ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने पूरी ट्रेन ही खरीद ली हो। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article