क्राइस्टचर्च: भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन गेंदबाजी इकाई के अच्छे प्रदर्शन की सराहना की, लेकिन स्वीकार किया कि उनकी टीम हैगली ओवल की परिस्थितियों का और बेहतर फायदा उठा सकती थी। न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 246 रन बनाए हैं। उसका स्कोर एक समय चार विकेट पर 110 रन था लेकिन अंतिम सत्र में उसने 115 रन बनाए और केवल एक विकेट गंवाया।
सही लेंथ पर गेंदबाजी पर किया ध्यान केंद्रित
आकाश ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,'कुल मिलाकर हमने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन हम और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। लेकिन मुझे लगता है कि यह ठीक है।' इस भारतीय तेज गेंदबाज ने बताया कि पहले और दूसरे सत्र में परिस्थितियां अलग-अलग थीं, जिसके कारण भारतीय टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा और उन्होंने अधिक मूवमेंट हासिल करने के बजाय सही लाइन पर गेंदबाजी करने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा,'आज पिच थोड़ी ताजा थी, जिससे हमें काफी मदद मिली। लेकिन पहले सत्र में थोड़ी नमी थी, इसलिए गेंद तेज गति से नहीं निकल रही थी। गेंद बल्ले का किनारा लेकर नहीं जा रही थी।'
लंच के बाद बदली रणनीति का मिला फायदा
भारत को जब लगा कि बल्लेबाजों को खेलने में ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है तो उसके गेंदबाजों ने धैर्य बनाए रखा और सटीक लाइन पर गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह रणनीति कारगर साबित हुई और उसे दूसरे सत्र में तीन विकेट मिले। आकाश ने कहा,'लंच के बाद हमने गेंद सही जगह पर डालने का फैसला किया। हमारी रणनीति संयम बनाए रखकर गेंद को सही जगह पर डालने की थी। हमने ऐसा ही किया और हमें तीन विकेट मिले।'
पुरानी गेंद के साथ गेंदबाजी करना है महत्वपूर्ण
तेज गेंदबाज को यह भी लगा कि हैगली ओवल की पिच से वेलिंगटन की पिच की तुलना में अधिक समय तक गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जहां पिच पर शुरू में घास थी लेकिन बाद में उससे गेंदबाजों को फायदा नहीं मिला। आकाश ने स्वीकार किया कि गेंद पुरानी होने के साथ-साथ गेंदबाजी करना और भी चुनौतीपूर्ण होता जाता है। उन्होंने कहा,'गेंद पुरानी हो जाने पर बल्लेबाजों के लिए काम आसान हो जाता है और गेंदबाजों के लिए मुश्किल बढ़ जाती है। हम ज्यादा आक्रामक होकर नहीं खेल सकते क्योंकि हमें रन प्रवाह पर भी अंकुश लगाना होता है। हमें मैच में बने रहना होगा। टेस्ट क्रिकेट में यही महत्वपूर्ण होता है।'
पिछले मैच की पिच थी हरी, लेकिन बाद में हुई सपाट
आकाश ने कहा,पिछले मैच की पिच काफी हरी भरी थी लेकिन उसके बाद वह एकदम सपाट हो गई थी। कोई भी तेज गेंदबाज सोचता है कि इतना हरा-भरा होने के बावजूद ऐसा कैसे हो सकता है। यह विकेट तेज गेंदबाज के लिए बेहतर हो सकता है। इससे गेंदबाजों को लंबे समय तक मदद मिलने की उम्मीद है। हम यहां की परिस्थितियों से वाकिफ हो चुके हैं और सही लेंथ हासिल करना उतना मुश्किल नहीं है।'
(भाषा)
