वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: चेहरे पर बिना मेकअप यहां नहीं मिलती नौकरी, मना करने पर कट जाती है सैलरी, जानें पूरा मामला

Ajab Gajab: शंघाई से शुरू हुई लोकप्रिय जापानी हॉटपॉट बुफे चेन 'न्यू न्यू सुकीयाकी' अपने अनोखे 'सोलो डाइनिंग' कॉन्सेप्ट के बाद अब महिला कर्मचारियों के मेकअप नियम को लेकर विवादों में घिर गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ शाखाओं में वेट्रेस के साथ-साथ किचन और सफाई का काम करने वाली महिलाओं के लिए भी लिपस्टिक, आईलाइनर और फॉल्स आईलैशेस लगाना अनिवार्य बताया जा रहा है। वहीं, नियम टूटने पर सैलरी कटने जैसी बातें भी सामने आई हैं।

Image

बिना मेकअप नहीं मिलती है नौकरी (तस्वीर साभार- AI)

Ajab Gajab: सोचिए, आप सुबह-सुबह काम पर निकलें और आपका पहला तनाव इस बात का न हो कि बस लेट हो रही है या आज ऑर्डर का दबाव कितना होगा, बल्कि इस बात का हो कि आपकी आईलाइनर की लाइन टेढ़ी तो नहीं है या नकली पलकें ठीक से चिपकी हैं या नहीं। चीन की चर्चित हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन न्यू न्यू सुकीयाकी के साथ इन दिनों कुछ ऐसा ही विवाद जुड़ा हुआ है। जिसने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। इतना ही नहीं सच्चाई जानकर लोग काफी हैरान भी हैं। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह चेन शंघाई से शुरू हुई थी और जापानी स्टाइल का हॉटपॉट बुफे परोसती है। कुछ समय पहले तक यह ब्रांड इसलिए सुर्खियों में था क्योंकि इसने अकेले खाना खाने आने वाले ग्राहकों के लिए खास केबिन बनाए थे। चीन में अकेले रहने वालों की बढ़ती आबादी के बीच 'सोलो डाइनिंग' का यह आइडिया लोगों को खूब भाया और कई जगहों पर लंबी कतारें भी देखी गईं। लेकिन, अब इसी लोकप्रिय ब्रांड के भीतर के नियमों ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। विवाद तब भड़का जब एक ग्राहक ने सोशल मीडिया पर इस नियम को लेकर अपनी हैरानी और नाराजगी साझा की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलग-अलग शाखाओं में नियमों का दायरा अलग-अलग बताया गया है। कहीं यह सिर्फ ग्राहकों को खाना परोसने वाली महिला कर्मचारियों तक सीमित है, तो कहीं किचन में काम करने वाली महिलाओं और सफाई कर्मचारियों पर भी लागू होने की बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि कुछ मैनेजरों की अपेक्षा केवल हल्की लिपस्टिक तक नहीं रहती, बल्कि लिपस्टिक, आईशैडो, आईलाइनर और फॉल्स आईलैशेस के साथ-साथ बालों के सही स्टाइल पर भी जोर दिया जाता है। एक पूर्व कर्मचारी के हवाले से यह भी कहा गया कि ड्यूटी के लिए तैयार होने के चक्कर में कई बार सुबह 5 बजे उठना पड़ता था, जबकि एक आवेदिका ने पार्ट-टाइम नौकरी में न चुने जाने की वजह मेकअप कौशल और हेयरस्प्रे के इस्तेमाल से जुड़ी बताई।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि नियम न मानने या तय मानकों पर खरा न उतरने पर कर्मचारियों के वेतन से छोटी रकम कटौती करने जैसी बातें सामने आई हैं। वहीं, पूर्णकालिक कर्मचारियों को मामूली मासिक मेकअप भत्ता मिलने का जिक्र भी किया गया है। हालांकि, कंपनी की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया को लेकर रिपोर्ट्स में चुप्पी या जवाब न मिलने की बात कही गई है। चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस खबर के फैलते ही यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक वर्ग का कहना है कि ग्राहक रेस्टोरेंट में ताजा खाने और अच्छी सेवा के लिए आते हैं, न कि यह देखने के लिए कि किचन या सफाई करने वाली महिला कर्मचारी ने कौन-सा आईशैडो लगाया है। कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि समान काम के घंटों के बावजूद तैयार होने और फिर घर जाकर मेकअप हटाने का अतिरिक्त समय और खर्च महिला कर्मचारियों पर डालना अनुचित है।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article