OMG: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से प्रकृति के एक बेहद दुर्लभ और चर्चा का विषय बने मामले ने लोगों का ध्यान खींचा है। जिले के भदैंया ब्लॉक अंतर्गत मलिकपुर अहिरौली गांव में 23 नवंबर की सुबह एक ऐसी बछिया का जन्म हुआ, जिसकी चार आंखें, दो मुंह और दो कान हैं। इस अनोखी बछिया की खबर जैसे ही आसपास के इलाकों में फैली, इसे देखने के लिए गांव वालों और आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। इतना ही नहीं इस बछिया को देखकर लोग काफी हैरान भी हैं और तरह-तरह की बातें भी कर रहे हैं। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह बछिया पशुपालक राजेंद्र प्रसाद यादव के घर में जन्मी है। बछिया की मां पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य रूप से खड़ी होकर चारा-पानी खा रही है। वहीं, बछिया भी दूध पी रही है, लेकिन उसके सिर का हिस्सा अपेक्षाकृत काफी भारी होने के कारण वह खुद से सिर उठाने और अपने पैरों पर खड़े होने में असमर्थ है। परिवार के सदस्य पुआल और कपड़ों के सहारे उसे आराम से लिटाकर उसकी देखभाल कर रहे हैं। गांव और आसपास के क्षेत्र में इस जन्म को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। जहां कई लोग इसे कुदरत का अनोखा करिश्मा मानकर देख रहे हैं, वहीं चिकित्सा विज्ञान के अनुसार यह एक अत्यंत दुर्लभ विकासात्मक स्थिति है, जिसे पॉलीसेफली कहा जाता है। पशु चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक, भ्रूण के विकास के दौरान कोशिकाओं या अक्षीय संरचना के आंशिक विभाजन के कारण ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है, जिसमें एक से अधिक सिर या चेहरे से जुड़े अंग बन जाते हैं। ऐसे मामलों में पशु की जीवन प्रत्याशा और चलने-फिरने की क्षमता इस बात पर निर्भर करती है कि श्वसन, पाचन और तंत्रिका तंत्र किस हद तक सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। देखें वीडियो...
अजीबोगरीब बछिया का जन्म
पशुपालकर राजेंद्र प्रसाद यादव के अनुसार, स्थानीय स्तर पर चिकित्सकों से बात करने पर उन्होंने इसे खड़ा कर पाने या सामान्य स्थिति में लाने को लेकर चुनौतियों की बात कही है। ऐसे में परिवार ने पशु चिकित्सकों, गौ-सेवकों और प्रशासन से उम्मीद जताई है कि यदि इस बछिया को किसी विशेष देखभाल, फिजियोथेरेपी या चिकित्सीय सहायता से खड़ा होने में मदद मिल सके, तो आगे कदम बढ़ाया जाए। फिलहाल मलिकपुर अहिरौली गांव में यह बछिया चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग इसकी सेहत व आगे की स्थिति को लेकर उत्सुक हैं। इंस्टाग्राम पर वीडियो को humara_sultanpur नाम के पेज से शेयर किया गाय है। वीडियो को काफी संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
