वायरल न्यूज़

हाईवे पर अचानक पलटा बकरियों से भरा ट्रक, पिंजरा टूटते ही सड़क पर मची 'अफरा-तफरी', देखें VIDEO

Viral Video: चीन के जियांग्सू प्रांत से एक बेहद हैरान करने वाला और मजेदार CCTV वीडियो सामने आया है। हाईवे पर एक तिपहिया वाहन को बचाने के चक्कर में बकरियों से लदा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही लोहे के बाड़े टूट गए और दर्जनों सफेद बकरियां सड़क पर आजाद होकर इधर-उधर भागने लगीं।

Image

हाइवे पर पलटा बकरियों से लदा ट्रक (तस्वीर साभार- @xiaolianlian321)

Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या देखने को मिल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। अक्सर हाईवे पर फल, सब्जियां या दूध से भरे टैंकर पलटने की खबरें आती हैं, लेकिन इस बार चीन के एक हाईवे से जो नजारा सामने आया है, उसने इंटरनेट यूजर्स को हैरान करने के साथ-साथ हंसने पर भी मजबूर कर दिया है। दरअसल, यहां बकरियों से लदा एक ट्रक अचानक बीच सड़क पर पलट गया, जिसके बाद हाईवे किसी रेसिंग ट्रैक और 'चोर-पुलिस' के खेल के मैदान में तब्दील हो गया।

यह पूरी घटना चीन के जियांग्सू प्रांत के यानचेंग शहर की है, जो वहां लगे हाई-डेफिनिशन ट्रैफिक कैमरे में कैद हो गई। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक लाल रंग का भारी-भरकम ट्रक हाईवे पर अपनी रफ्तार से चला आ रहा था। तभी चौराहे के पास एक तिपहिया वाहन सड़क पार करने की कोशिश में सामने आ गया। सामने आए वाहन को बचाने के लिए ट्रक ड्राइवर ने तेजी से स्टेयरिंग मोड़ा और जोरदार ब्रेक लगाया। अचानक मुड़ने के कारण ऊंचे लोड वाला यह ट्रक अपना संतुलन खो बैठा और तेज आवाज के साथ सड़क की बाईं ओर रेलिंग से टकराकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक पलटते ही उसके पिछले हिस्से में बने लोहे के बाड़े टूटकर बिखर गए। इसके साथ ही ट्रक में लदी दर्जनों सफेद बकरियां सड़क पर गिर गईं। गनीमत रही कि इस भयानक हादसे में न तो ट्रक ड्राइवर को कोई गंभीर चोट आई और न ही बकरियों को ज्यादा नुकसान पहुंचा। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रक पलटने के कुछ ही सेकंड बाद ड्राइवर केबिन की खिड़की से सुरक्षित बाहर निकल आता है। देखें वीडियो...

सड़क पर अफरा-तफरी

असली ड्रामा तो हादसे के बाद शुरू हुआ। जैसे ही बकरियों को अहसास हुआ कि पिंजरा टूट चुका है और वे आजाद हैं, उन्होंने हाईवे पर चारों तरफ दौड़ लगाना शुरू कर दिया। कोई बकरी डिवाइडर की तरफ भागी, तो कोई तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच सरपट दौड़ने लगी। सड़क पर बेतरतीब भागती बकरियों की वजह से हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सायरन बजाती हुई स्थानीय पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन 'फरार' बकरियों को वापस पकड़ने की थी। अब यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को xiaolianlian321 नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि लगता है बकरियों को आज आजादी का असली मतलब समझ आया था, लेकिन पुलिस ने प्लान फेल कर दिया। वहीं, एक अन्य यूजर ने ड्राइवर की सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि उसने खुद का ट्रक पलटा लिया, लेकिन सामने वाले छोटे वाहन को खरोंच तक नहीं आने दी।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article