Bima Sugam Launch Delay: बीमा खरीदने और उससे जुड़ी सेवाओं को आसान बनाने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म 'बीमा सुगम' एक बार फिर लॉन्च नहीं हो पाया। इसे 23 नवंबर 2026 को मोटर इंश्योरेंस प्रोडक्ट 'बीमा वाहन' के बीटा वर्जन के साथ शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बीमा कंपनियों की अधूरी तैयारियों के कारण लॉन्च टाल दिया गया है। अब दिसंबर 2026 के अंत तक इसकी शुरुआत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, नई लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अब दिसंबर में हो सकता है लॉन्च
क्यों टला बीमा सुगम का लॉन्च?
शुरुआती चरण में नौ बीमा कंपनियों को बीमा सुगम पर मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी उपलब्ध करानी थीं। इनमें SBI General, ICICI Lombard, HDFC Ergo, New India Assurance, Zuno General, Zurich Kotak General, Shriram General, IndusInd General और Go Digit General शामिल हैं।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : दुनियाभर के बाजारों में कोहराम, लेकिन Sensex-Nifty में तूफानी तेजी, आखिर क्यों?
क्यों टल गया लॉन्च?
पोर्टल को लॉन्च किए जाने से पहले समीक्षा में कई कमियां सामने आईं। कुछ कंपनियां नई दोपहिया गाड़ियों के लिए बीमा कवर देने को तैयार नहीं थीं। कुछ के पास अलग से थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का विकल्प उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, तीन और पांच साल की पॉलिसी के विकल्प भी कुछ कंपनियों के पास तैयार नहीं थे। खास बात यह है कि कुल 27 बीमा कंपनियों में से केवल नौ ही शुरुआती पेशकश के लिए तैयार बताई गईं।
15 दिसंबर से बदलेंगे मोटर इंश्योरेंस के नियम
लॉन्च टलने की एक वजह मोटर इंश्योरेंस का नया ढांचा भी है। 15 दिसंबर 2026 से जारी होने वाली पॉलिसियों में चार तरह के कवर अलग-अलग दिखाने होंगे। इनमें थर्ड पार्टी लायबिलिटी, यात्रियों के लिए लीगल लायबिलिटी, पर्सनल एक्सीडेंट और ओन डैमेज कवर शामिल हैं। बीमा कंपनियों को इसी तारीख तक बीमा सुगम के साथ अपना इंटीग्रेशन पूरा करना है। ऐसे में कंपनियां नए नियमों के हिसाब से भी अपनी तकनीकी तैयारी कर रही हैं।
बीमा सुगम से आपको क्या फायदा होगा?
बीमा सुगम एक डिजिटल मार्केटप्लेस होगा, जहां अलग-अलग कंपनियों की बीमा पॉलिसियां एक ही जगह उपलब्ध कराने की योजना है।
- पहला फायदा: ग्राहक कई कंपनियों की पॉलिसियों और उनके प्रीमियम की तुलना एक ही प्लेटफॉर्म पर कर सकेंगे।
- दूसरा फायदा: कार, बाइक, हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस जैसे उत्पादों के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर जाने की जरूरत कम होगी।
- तीसरा फायदा: प्लेटफॉर्म को कमीशन-न्यूट्रल और नॉट-फॉर-प्रॉफिट मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। इसका मकसद बीमा खरीदने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
- चौथा फायदा: पॉलिसी खरीदने के साथ सर्विसिंग, क्लेम और शिकायतों से जुड़ी सेवाओं को भी डिजिटल माध्यम से जोड़ने की योजना है।
बीमा सुगम IRDAI की 'बीमा ट्रिनिटी' का हिस्सा है। इसे लागू करने वाली संस्था बीमा सुगम इंडिया फेडरेशन (BSIF) है। टेक्नोलॉजी पार्टनर के तौर पर Protean eGov Technologies को नियुक्त किया गया है। हालांकि, बीमा सुगम का विचार 2022 में आया था और इसकी लॉन्चिंग कई बार टल चुकी है। अब देखना होगा कि दिसंबर के अंत तक सभी जरूरी तैयारियां पूरी हो पाती हैं या नहीं।
