Delhi News: अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं या यहां आते-जाते हैं तो आपने गाजीपुर, चिल्ला, बदरपुर और रजोकरी सहित कई बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें देखी होंगी। हालांकि कतारें कॉमर्शियल वाहनों के लिए होती हैं, लेकिन अन्य गाड़ियां भी यहां जाम में फंस जाती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली की सीमाओं पर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अपने टोल नाके लगाए हुए हैं। यहां पर MCD की तरफ से कॉमर्शियल वाहनों से एंट्री टोल वसूला जाता है। क्योंकि यह पूरी प्रक्रिया मैनुअल तरीके से होती है, इसलिए दिल्ली में एंट्री करने वाले रास्तों पर भीषण जाम लग जाता है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय आम लोग इस जाम में फंसकर परेशान होते हैं। अब अच्छी खबर ये है कि जल्द ही यह व्यवस्था इतिहास बन जाएगी और आप ट्रैफिक जाम में फंसे बिना, MCD के इन टोल नाकों से आसानी से गुजर जाएंगे।
दरअसल MCD राजधानी के सभी 154 टोल पॉइंट पर बैरियर-फ्री टोल कलेक्शन सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत कॉमर्शियल वाहनों को टोल चुकाने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा। मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक के जरिए चलते वाहन का FASTag स्कैन होगा और टोल की रकम अपने आप कट जाएगी। इस व्यवस्था के शुरू होने से दिल्ली की बॉर्डरों पर लगने वाला जाम कम होगा, लोगों का समय और ईंधन बचने के साथ ही प्रदूषण भी कम होगा। पहले चरण में 20 प्रमुख टोल पॉइंट पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इन स्थानों से दिल्ली में एंट्री करने वाले करीब 85 फीसद वाहनों की आवाजाही होती है। बाकी टोल पॉइंट को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है।
गाजीपुर टोल पर लगेगा नया सिस्टम
गाजीपुर में MCD के टोल प्लाजा पर MLFF सिस्टम का ढांचा लगाया जा चुका है। यह Delhi Meerut Expressway और यूपी की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए दिल्ली का अहम एंट्री गेट है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है और टोल के चलते अक्सर लंबी कतारें लग जाती हैं।
MCD ने पहले चरण में 20 प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर यह तकनीक लगाने का लक्ष्य रखा है। इनमें गाजीपुर, रजोकरी, बदरपुर, द्वारका और आया नगर जैसे स्थान शामिल हैं। इन 20 प्वाइंट से दिल्ली में एंट्री करने वाले लगभग 85 फीसद वाहनों का आवागमन होता है। शेष टोल प्वाइंट को भी दिसंबर के अंत तक इस व्यवस्था से जोड़ने की योजना बताई गई थी।

गाजीपुर बॉर्डर पर लगाया गया MLFF सिस्टम
कैसे काम करेगा बैरियर-फ्री टोल सिस्टम?
नई व्यवस्था में सड़क के ऊपर गैंट्री लगाई जाएंगी। इनमें RFID रीडर, एंटीना और हाई डेफिनिशन ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे होंगे।
- गाड़ी के FASTag को RFID तकनीक से स्कैन किया जाएगा।
- ANPR कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट की पहचान करेंगे।
- निर्धारित टोल और पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) डिजिटल तरीके से काटा जाएगा।
- भुगतान नहीं होने पर संबंधित गाड़ी के लिए डिजिटल नोटिस जारी किया जा सकेगा।
ध्यान रहे कि बैरियर-फ्री व्यवस्था लागू होने का मतलब टोल टैक्स खत्म होना नहीं है। वाहन चालकों को पहले की तरह निर्धारित टोल और लागू पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क देना होगा। सिर्फ भुगतान और वसूली का तरीका बदलेगा। इस सिस्टम में टोल बूथ पर रुकने या बैरियर खुलने का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।

ANPR कैमरे गाड़ी की नंबर प्लेट की पहचान करते हैं
MCD के लिए भी यह व्यवस्था अहम है। टोल कलेक्शन के साथ-साथ गाड़ियों की डिजिटल पहचान और भुगतान का रिकॉर्ड रखना आसान होगा। जिन वाहनों के FASTag में पर्याप्त बैलेंस नहीं होगा या टैग काम नहीं करेगा, उनके भुगतान की वसूली के लिए डिजिटल नोटिस की व्यवस्था भी होगी।
जाम और प्रदूषण दोनों में मिलेगी राहत?
दिल्ली की सीमाओं पर लगे MCD टोल नाकों पर लगने वाली लंबी कतारें सर्दियों में प्रदूषण की समस्या को भी बढ़ाती हैं। टोल भुगतान के लिए वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से ईंधन की खपत और उत्सर्जन बढ़ता है। इसके अलावा जाम में फंसने वाले लोगों की परेशानी अलग है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी दिल्ली के बॉर्डर टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम और प्रदूषण को लेकर चिंता जताई थी। MLFF सिस्टम से वाहनों की आवाजाही सुचारु होने और ईंधन की बचत होने की उम्मीद है।
