भारतीय नौसेना अपनी समुद्री ताकत को अभूतपूर्व स्तर पर ले जाने और हिंद महासागर क्षेत्र में किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बड़े आधुनिकीकरण अभियान पर काम कर रही है। नौसेना आने वाले वर्षों में 60 से अधिक नए युद्धपोत और पनडुब्बियां अपने बेड़े में शामिल करने की तैयारी में है, जबकि करीब 70 हजार करोड़ रुपये (लगभग 7.54 अरब डॉलर) की अनुमानित लागत वाला 'प्रोजेक्ट 17B' स्टील्थ फ्रिगेट कार्यक्रम अब अंतिम बोली चरण में पहुंच चुका है। क्या है Project 17B और इसकी जरूरत क्यों पड़ी और इससे कितनी बढ़ेगी भारतीय नौसेना की ताकत? इसे विस्तार से समझते हैं।
क्या है Project 17B?
प्रोजेक्ट 17B भारतीय नौसेना के लिए तैयार की जा रही अगली पीढ़ी की 7 अत्याधुनिक गाइडेड-मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की महायोजना है। यह कार्यक्रम पहले से चल रही प्रोजेक्ट 17A (नीलगिरी श्रेणी) फ्रिगेट श्रृंखला का अधिक उन्नत, भारी और आधुनिक संस्करण है। हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और बदलते क्षेत्रीय समीकरणों को देखते हुए नौसेना को ऐसे बहुउद्देशीय युद्धपोतों की जरूरत है जो लंबी दूरी तक निगरानी रख सकें और एक साथ कई तरह के खतरों का सामना कर सकें। प्रोजेक्ट 17B इसी जरूरत को पूरा करने के लिए लाया गया है।
कैसे Indian Navy को मिलेगी 'अजेय' बढ़त?
स्टील्थ फ्रिगेट की सबसे बड़ी खूबी दुश्मन के रडार, सोनार, इन्फ्रारेड और ध्वनि सेंसर की पकड़ से बचने की क्षमता होती है। प्रोजेक्ट 17B के जहाजों में स्टील्थ तकनीक को और निखारा गया है, ताकि ये दुश्मन की नजरों से बचकर समुद्र में चुपचाप आगे बढ़ सकें और सटीक हमला कर सकें। इन युद्धपोतों को आधुनिक सेंसर, उन्नत फायर-कंट्रोल रडार और एडवांस कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम से लैस किया जाएगा। ये जहाज हवा (Anti-Air), सतह (Anti-Surface) और पानी के भीतर पनडुब्बियों (Anti-Submarine) तीनों मोर्चों पर प्रभावी ढंग से लड़ने में सक्षम होंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, बराक-8 और प्रोजेक्ट कुशा से जुड़ी एयर डिफेंस प्रणालियों जैसी आधुनिक क्षमताओं को शामिल किए पर काम होता है।
प्रोजेक्ट 17A से आगे की कड़ी
प्रोजेक्ट 17A के तहत नौसेना की नीलगिरि श्रेणी की 7 स्टील्थ फ्रिगेट तैयार की जा रही हैं, जिनमें स्वदेशीकरण पर खास जोर दिया गया है। प्रोजेक्ट 17B उसी अनुभव और स्वदेशी डिजाइन नींव को आगे बढ़ाते हुए अगले स्तर की तकनीक और मारक क्षमता जोड़ता है। प्रोजेक्ट 17A (Project 17A) भारतीय नौसेना का एक प्रमुख स्वदेशी युद्धपोत निर्माण कार्यक्रम है, जिसके तहत 'नीलगिरि श्रेणी' (Nilgiri-class) की 7 अत्याधुनिक स्टील्थ गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट तैयार की जा रही हैं। यह पहले के प्रोजेक्ट 17 (शिवालिक श्रेणी) का उन्नत और आधुनिक संस्करण है। इन 7 स्टेल्थ फ्रिगेट का निर्माण दो सरकारी शिपयार्ड्स में बांटा गया है—4 युद्धपोत मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) में और 3 युद्धपोत कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) में बनाए जा रहे हैं। इस श्रेणी के जहाजों के नाम भारत की प्रमुख पर्वत श्रृंखलाओं पर रखे गए हैं—INS नीलगिरि, INS हिमगिरि, INS उदयगिरि, INS दूनागिरि, INS तारागिरि, INS विंध्यगिरि और INS महेंद्रगिरि।
कैसे होगा निर्माण और कब तक फाइनल होगा सौदा?
टू-यार्ड प्रतिस्पर्धी मॉडल: इस परियोजना को एक प्रतिस्पर्धी दो-यार्ड निर्माण मॉडल के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसके तहत दो भारतीय शिपयार्ड मिलकर इन सात स्टील्थ फ्रिगेट का निर्माण करेंगे। इससे जहां काम की रफ्तार तेज रहेगी, वहीं देश के शिपयार्ड्स के बीच प्रतिस्पर्धा और क्षमता निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रोजेक्ट 17B के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जारी होने के बाद प्रक्रिया अब अंतिम बोली चरण में है। तय समयसीमा के मुताबिक, मार्च 2027 तक सबसे कम बोली लगाने वाली यानी L1 कंपनी का चयन होने और मार्च 2028 तक मुख्य अनुबंध फाइनल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
60 से ज्यादा युद्धपोत और नौसेना प्रमुख का 'आत्मनिर्भर' विजन
नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया है कि भारतीय नौसेना आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रही है और युद्धपोतों का निर्माण देश के भीतर ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले सालों में 60 से अधिक नए युद्धपोत और पनडुब्बियां नौसेना के बेड़े में जुड़ेंगी। एडमिरल स्वामीनाथन ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र के सबसे बड़े देश होने के नाते भारत की बड़ी जिम्मेदारी है। यह विस्तार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सागर' (SAGAR) और 'महासागर' विजन के अनुरूप है, जिसका मकसद क्षेत्र में सभी की सुरक्षा और विकास, समुद्री सहयोग, संपर्क और स्थिरता को मजबूत करना है।
कुल मिलाकर, करीब 70 हजार करोड़ रुपये का 'प्रोजेक्ट 17B' और 60 से अधिक नए युद्धपोतों को शामिल करने की योजना भारतीय नौसेना को भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार करने वाला कदम है। स्वदेशी तकनीक, आधुनिक स्टील्थ क्षमता और अत्याधुनिक हथियारों के दम पर ये फ्रिगेट न केवल हिंद महासागर में भारत की समुद्री सीमाओं को अभेद्य बनाएंगी, बल्कि 'आत्मनिर्भर भारत' की रक्षा ताकत को भी वैश्विक मंच पर नई मजबूती देंगी।