Viral Video: जब समस्याओं का समाधान सरकारी फाइलों में दबने लगे, तो विरोध का तरीका भी अनोखा हो जाता है। मध्य प्रदेश के खंडवा (Khandwa) शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों की आवाज उठाने के लिए नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में कुछ ऐसे अंदाज में पहुंचे कि हर कोई हैरान रह गया। नेता प्रतिपक्ष अपने साथ एक व्यक्ति को कुत्ते का कॉस्ट्यूम पहनाकर जनसुनवाई कक्ष में ले आए। देखते ही देखते कलेक्ट्रेट परिसर में इस अनोखे 'इंसानी श्वान' को देखने के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लग गया। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन का मकसद शहर में बेकाबू होती आवारा कुत्तों की आबादी और उससे आम जनता में व्याप्त खौफ की ओर प्रशासन का ध्यान खींचना था।
एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मुल्लू राठौर ने नगर निगम के नसबंदी अभियान के आंकड़ों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि नगर निगम के दस्तावेजों के अनुसार, केवल वर्ष 2024 में 3,168 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई, जिस पर निगम कोष से 33 लाख 20 हजार रुपये की मोटी रकम खर्च की गई। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि अगर इतने बड़े पैमाने पर और लाखों रुपये खर्च करके नसबंदी की गई है, तो फिर शहर में आवारा कुत्तों की संख्या घटने की बजाय लगातार क्यों बढ़ रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि नसबंदी अभियान के नाम पर केवल कागजी आंकड़े तैयार कर नगर निगम की राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने इन आंकड़ों में कथित फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच की मांग की है। देखें वीडियो...
जनसुनवाई में अनोखा प्रदर्शन
प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों के दौरान खंडवा में लगभग 13,225 लोग डॉग बाइट कुत्ते के काटने का शिकार होकर अस्पताल पहुंचे हैं। आलम ये है कि आवारा कुत्तों के झुंड के कारण शहर की सड़कों, मोहल्लों और गलियों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो गया है। अब यह अनोखा प्रदर्शन सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और लोग जमकर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।
