Viral Video: बिहार के मुजफ्फरपुर के बागमती नदी पर बना चचरी पुल तेज बारिश में अचानक बह गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहा वीडियो 1 जुलाई का बताया जा रहा है। चचरी पुल को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लाखों रुपये चंदा करके इसे बनाया था। वहीं बरसात आते ही यह पुल नदी की तेज बहाव में बह गया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा हर साल होता है। चचरी पुल के बहने से लाखों लोगों की आबादी प्रभावित हुई है।
वीडियो देखकर कांप जाएंगे आप
बता दें कि जिले के औराई प्रखंड के अतरार घाट पर यह पुल बागमती नदी पर बना था। नदी का जलस्तर बढ़ने से बांस का चचरी पुल अचानक बह गया। इस दौरान किसी ने अपने फोन पर पुल बहने का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि कुछ लोग पुल पर फंस भी गए। हालांकि गनीमत यह रही कि पुल के तेज बहाव में बहने से किसी की जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। देखें वीडियो-
वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान पुल के दोनों तरफ लोग आ जा रहे हैं। तभी अचानक पुल बीच से टूट जाता है और पानी की तेज धार में बहने लगता है। इससे पुल से गुजर रहे लोग अपनी जान बचाकर भागने लगते हैं। इस पुल के टूटने से औराई प्रखंड के अंतरार, अमनौर, सरहचिया, डीह जीवर, सहिलाबल्ली,परमजीवर, महेश्वारा पंचायत के लाखों लोगों का प्रखंड मुख्यालय का संपर्क टूट गया है। अब लोग 30 किलोमीटर घूमकर प्रखंड मुख्यालय जा सकेंगे।
