सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद डरावना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोगों की रूह कांप गई है। वायरल वीडियो एक सीसीटीवी फुटेज का है जिसमें साफतौर पर देखा जा सकता है कि एक लैंड क्रूजर कार पर अचानक मोर्टार से हमला किया गया। हमले की यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रही है।
हमले का वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक सफेद रंग की वैन से कुछ हमलावर निकलते हैं। जिनमें से एक के कंधे पर RPG रॉकेट लॉन्चर रखा नजर आ रहा है। ये हमलावर वैन से उतरते ही सीधे काले रंग की एक लैंड क्रूजर पर मोर्टार दाग देता है और वापस वैन में बैठकर वहां से फरार हो जाता है। अगले ही पल वीडियो में दिखता है कि काले रंग की लैंड क्रूजर सड़क पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रही होती है। तभी मोर्टार उसके पिछले हिस्से पर आकर लगता है और एक जोरदार धमाका होता है। धमाके से लैंड क्रूजर पूरी तरह हिल जाती है लेकिन उसे ज्यादा नुकसान नहीं होता। हमले के बाद लैंड क्रूजर को तेज रफ्तार से भागते हुए देखा जा सकता है।
लैंड क्रूजर पर दागा गया मोर्टार
इस खतरनाक हमले का वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं। वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @GunloverClub1 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में यह दावा किया गया है कि एक लैंड क्रूजर पर RPG-7 से सीधा हमला हुआ, फिर भी उसे कुछ नहीं हुआ और वह चलती रही।
हमले को झेल गई लैंड क्रूजर
वीडियो के कैप्शन में घटना को लेकर कुछ जानकारी भी दी गई है, जिसमें बताया गया है कि यह घटना फिलीपींस की है और लैंड क्रूजर में वहां के एक मेयर सवार थे। घात लगाकर बैठे कुछ हमलावरों ने RPG-7 से एक मोर्टार दाग दिया। गाड़ी ने धमाके को झेल लिया और आगे बढ़ती रही, जिससे मेयर बिना किसी नुकसान के बच निकले।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
