प्रकृति जब अपना खूबसूरत रूप दिखाती है, तो उसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। कभी आसमान में रंग-बिरंगा इंद्रधनुष दिखाई देता है, तो कभी समुद्र की लहरें लोगों का ध्यान खींच लेती हैं लेकिन सोचिए, अगर समंदर की ऊंची और शक्तिशाली लहरों के बीच अचानक इंद्रधनुष दिखाई देने लगे, तो नजारा कैसा होगा? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो कुछ ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इसमें समुद्र की विशाल लहरों के बीच रंगों की खूबसूरत छटा नजर आ रही है। जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
समंदर की ऊंची लहरों के बीच निकला इंद्रधनुष
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि समुद्र की तेज लहरें पूरी ताकत के साथ उठती और किनारे की ओर बढ़ती दिखाई दे रही हैं। लहरों के टकराने से पानी की बूंदें और धुंध हवा में फैल जाती हैं। इसी दौरान सूरज की रोशनी पानी की छोटी-छोटी बूंदों पर पड़ती है और वहां इंद्रधनुष जैसा खूबसूरत नजारा बन जाता है। एक तरफ समुद्र की लहरों की ताकत दिखाई देती है, तो दूसरी तरफ उनके बीच उभरते रंग मन मोह लेते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
आखिर लहरों के बीच कैसे बनता है इंद्रधनुष?
समुद्र की लहरों के बीच दिखाई देने वाले इस नजारे के पीछे विज्ञान का एक दिलचस्प कारण है। जब सूरज की रोशनी हवा में मौजूद पानी की छोटी बूंदों से गुजरती है, तो रोशनी मुड़ती है और अलग-अलग रंगों में बंट जाती है। इसी प्रक्रिया से इंद्रधनुष बनता है। समुद्र की ऊंची लहरें जब चट्टानों या किनारे से टकराती हैं, तो पानी की बहुत सारी छोटी बूंदें हवा में फैल जाती हैं। अगर उस समय सूरज की रोशनी सही दिशा से पड़ रही हो, तो इन बूंदों में इंद्रधनुष दिखाई दे सकता है। हालांकि, ऐसा नजारा देखने के लिए रोशनी और पानी की बूंदों का सही तालमेल होना जरूरी है।
प्रकृति का खूबसूरत रूप देख लोग हैरान
इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @yaszre नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को देख लोग कुदरत की इस खूबसूरती की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "प्रकृति में खूबसूरती देखने के लिए हमेशा शांत मौसम का होना जरूरी नहीं है। कई बार तेज हवाओं, ऊंची लहरों और पानी के शोर के बीच भी ऐसे पल सामने आ जाते हैं, जिन्हें देखकर आंखें ठहर जाती हैं।" दूसरे ने लिखा, "समुद्र की ताकत और प्रकृति की खूबसूरती एक साथ नजर आ रही है। इससे अद्भुत और कुछ नहीं हो सकता।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
