वायरल न्यूज़

VIDEO: रफ्तार नहीं, संस्कार! दमन में थार-फॉर्च्यूनर मालिकों ने ली सेफ ड्राइविंग की शपथ, 'भाईगिरी' पर प्रशासन सख्त

VIDEO: दमन प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘थार-फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा’ का आयोजन कर करीब 350 SUV चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और गाड़ियों के जरिए ‘भाईगिरी’ या 'माफियागिरी' दिखाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Image

थार-फॉर्च्यूनर मालिकों को चेतावनी

VIDEO: सड़कों पर थार और फॉर्च्यूनर जैसी भारी-भरकम गाड़ियों का रोब झाड़ना और बेपरवाह होकर स्टंटबाजी करना अब नहीं चलेगा। दमन प्रशासन और परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखी और असरदार पहल की है। ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित ‘थार-फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 350 SUV मालिकों और चालकों को एक साथ लाकर सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन चालन की शपथ दिलाई गई। दमन में मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक 209 थार और 248 फॉर्च्यूनर गाड़ियां रजिस्टर्ड हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ मिश्रा और पुलिस अधीक्षक केतन बंसल की विशेष मौजूदगी रही।

    कलेक्टर डॉ. सौरभ मिश्रा ने चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर गाड़ी चलाना सिर्फ एक व्यक्तिगत सुविधा नहीं, बल्कि बहुत बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महंगी और ताकतवर गाड़ियां चलाने वालों को देखकर आम जनता या पर्यटकों को सुरक्षा का अनुभव होना चाहिए न कि किसी प्रकार का डर। गाड़ी की असली ताकत तेज रफ्तार या स्टंट में नहीं, बल्कि ड्राइवर के जिम्मेदार व्यवहार में झलकनी चाहिए। प्रशासक प्रफुल पटेल के दिशा-निर्देशों में चलाए जा रहे इस अभियान पर डिप्टी कलेक्टर प्रियंशु सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इन गाड़ियों का इस्तेमाल करके सड़क पर ‘भाईगिरी’ या ‘माफियागिरी’ दिखाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देखें VIDEO

    रफ्तार नहीं, संस्कार!

    बाहर से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय युवाओं द्वारा किए जाने वाले खतरनाक स्टंट पर रोक लगाने के लिए प्रशासन आने वाले दिनों में सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर चुका है। इस खास आयोजन में मौजूद सभी वाहन मालिकों ने न सिर्फ यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की मदद करने की शपथ ली, बल्कि किसी भी तरह की अनैतिक या असामाजिक गतिविधि में शामिल न होने का भी संकल्प उठाया। ‘रफ्तार नहीं, संस्कार’ के मूल मंत्र के साथ शुरू हुआ यह अभियान दमन की सड़कों पर 'हीरो-गिरी' खत्म कर एक सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

    Dhruv Sanchania
    ध्रुव संचानियाauthor

    ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

    और पढ़ें
    End of Article