वायरल न्यूज़

इतना खतरनाक प्रणाम आज तक किसी ने भी नहीं किया होगा, लड़के का यह वीडियो देख हंसते-हंसते हो जाएंगे लोटपोट

सोशल मीडिया पर एक स्कूली छात्र का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र को अपने स्कूल के कार्यक्रम में मंच से स्पीच देते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उसके प्रणाम करने का जो सिलसिला शुरू होता है, वह काफी देर तक नहीं थमता।

Image

स्पीच देता छात्र (X/@ChapraZila)

स्कूल में छात्रों का उत्साह गजब का होता है। यह उत्साह तब और भी उजागर होता है जब उन्हें किसी मंच से दो शब्द बोलने का अवसर मिलता है। कुछ ऐसा ही हुआ एक छात्र के साथ। जिसे अपने स्कूल में किसी कार्यक्रम के दौरान स्पीच देने का अवसर मिला। इस अवसर पर छात्र ने जिस तरह मंच से पूरे स्कूल का अभिवादन किया वह स्कूल के सभी बच्चे और शिक्षकों के लिए यादगार हो गया। फिलहाल इस स्कूली छात्र का वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है।

मंच से शुरू हुआ छात्र के प्रणाम करने का सिलसिला

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि छात्र स्कूल में एक कार्यक्रम में अपनी स्पीच दे रहा है। इस दौरान वह अन्य लोगों का अभिवादन करते हुए सभी को प्रणाम करता है लेकिन छात्र का प्रणाम करने का माजरा ऐसा था कि उसका वीडियो ही वायरल हो गया। वीडियो में छात्र को पूरे जोश में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मैं इस मंच की चरणों की धूल को प्रणाम करता हूं।" फिर वह आगे इसी बात को दोहराता है और कहता है कि, "इस सम्मानित मंच की चरणों की धूल के कण-कण को प्रणाम करता हूं।" इसी तरह आगे वह एक बार फिर कहता है, "सम्मानित मंच के धूल के कण-कण के अणुओं को प्रणाम करता हूं।"

वीडियो देख हंस पड़ेंगे आप

इसी तरह वह बार-बार प्रणाम करता है और सम्मानित मंच के धूल के कण-कण के सबसे छोटे इकाई नाभिक तक पहुंच जाता है। छात्र के प्रणाम करने का सिलसिला जो चलता है वह बस चलते ही रहता है। छात्र की स्पीच सुनने को मौजूद पूरा स्कूल उसकी इस स्पीच पर ठहाके लगाते हुए नजर आई। आप भी इस वीडियो को देखेंगे तो आप भी यकीनन हंस पड़ेंगे।

वीडियो पर लोगों के मजेदार कमेंट्स

इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @ChapraZila नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 1 लाख 9 हजार व्यूज और 1300 लाइक्स मिले हैं। वीडियो पर तमाम लोगों के चटकारे कमेंट्स ने इसे और भी मजेदार बना दिया है। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "भाई ने सम्मानित मंच पर लोगों को छोड़ कर सबको प्रणाम किया। धूल के कण कण को, कण कण के अणुओं और परमाणु को, सुनकर मजा ही आ गया।" दूसरे ने लिखा, "भाई ने क्या जबरदस्त प्रणाम किया है।"

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article