आजकल सोशल मीडिया पर एक बेहद ही अनोखा वीडियो (Video) काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला के हाथों में ऐसा कछुआ दिखाई दे रहा है, जो दूसरे कछुओं से काफी अलग है। बता दें कि यह कछुआ कोई आम कछुआ नहीं बल्कि यह दुनिया का बहुत ही अनोखा प्राणी है। जो पहली नजर में देखने से कछुआ कम और सांप ज्यादा लग रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में दिख रहे कछुए की गर्दन बहुत ही लंबी और लचीली दिख रही है। जैसे कोई सांप कछुए की खाल में घुस गया हो। वायरल वीडियो में दिख रहे इस कछुए का नाम स्नेक नेक टर्टल (Snake-neck Turtle) है।
आखिर इस कछुए में क्या है खास?
हमने आमतौर पर छोटे गर्दन वाले ही कछुए देखे हैं, लेकिन इस कछुए की गर्दन उसके शरीर के मुकाबले काफी लंबी दिख रही है। यह अपनी गर्दन को तेजी से आगे बढ़ाकर शिकार पर हमला करता है, ठीक किसी सांप की तरह। यह कछुआ आम कछुओं की तरह सुस्त और आलसी नहीं बल्कि बेहद ही फुर्तीला होता है। जैसे ही कोई छोटी मछली या कीड़ा इसके पास आता है, यह अचानक अपनी लंबी गर्दन आगे बढ़ाकर उसे पकड़ लेता है। इसकी यही खासियत इसे बाकी कछुओं से अलग बनाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कहां पाया जाता है यह कछुआ और यह क्या खाता है?
दुनिया में पाया जाने वाला यह अनोखा कछुआ मुख्य रूप से पापुआ न्यू गिनी और ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है। यह करीब 11 इंच तक बड़ा हो सकता है और इसकी गर्दन उसके सुरक्षा कवच से भी लंबी होती है। बता दें कि, यह कछुआ मांसाहारी होता है। यह छोटी मछलियां, झींगे, कीड़े-मकोड़े और पानी में रहने वाले छोटे जीवों को खाता है।
‘बदबूदार हथियार’ से करता है बचाव
इस कछुए की सबसे चौंकाने वाली बात इसका बचाव करने का तरीका है। जब भी इसे खतरा महसूस होता है, तो यह अपने शरीर से एक बदबूदार तरल पदार्थ (कस्तूरी) छोड़ता है। इसकी गंध इतनी तेज होती है कि शिकारी इससे दूर भाग जाते हैं। यही वजह है कि इसे “बदबूदार कछुआ” भी कहा जाता है।
लोगों की मजेदार प्रतिक्रिया
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @thereptilezoo नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जैसे एक यूजर ने अपनी हैरानी जताते हुए इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ये कछुआ है या सांप?" दूसरे ने लिखा, "ये तो आधा कछुआ और आधा सांप लग रहा है।" तीसरे ने लिखा, "पहली बार मैंने ऐसा जीव देखा।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
