रोमांच क्या होता है? यह जानना है तो आपको एक बार रोलर कोस्टर का अनुभव जरूर लेना चाहिए। रोलर कोस्टर पर जो रोमांच महसूस होता है वह जीवन की गहराइयों को भी समझने में मदद करता है। रोलर कोस्टर पर बैठने के बाद लोगों का दिल तेजी से धड़कता है। कई लोगों के लिए तो रोलर कोस्टर पर बैठने का अनुभव थोड़ा डरावना भी होता है। वहीं जिन लोगों को रोमांच पसंद होता है, उन्हें रोलर कोस्टर अच्छा भी लगता है। मगर हाल में जिस रोलर कोस्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उस पर बैठने के बाद किसी की भी जान हलक में आ जाएगी।
ये भी पढ़ें:
सोशल मीडिया पर छाया यह रोलर कोस्टर
वायरल वीडियो (Viral Video) में इस रोलर कोस्टर की ऊंचाई और उतार-चढ़ाव देखने के बाद एक बात तो तय है कि इस पर बैठने के बाद दिल की धड़कने तेज हो जाएंगी। वीडियो में दिखता है कि इस रोलर कोस्टर की राइड धीरे-धीरे लोगों को करीब 43 मीटर (लगभग 140 फीट) की ऊंचाई पर ले जाती है। इस वक्त तक तो सब कुछ सामान्य लगता है लेकिन असली डर तब शुरू होता है जब राइड अचानक फ्री फॉल पर आती है। इसे देखने के बाद ऐसा लग रहा है जैसे इसमें बैठने वाला इंसान ना जाने कब बाहर निकलकर नीचे गिर पड़ेगा। इस एक पल को राइड में बैठे लोगों को खुद को सीधे नीचे गिरने का एहसास होता है, कुछ सेकंड के लिए सब कुछ रुक सा जाता है। लोगों के दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं और फिर अचानक राइड जब ऊपर की ओर उठती है, तब लोगों को सांस में सांस आती है।
कहां है यह रोलर कोस्टर?
वीडियो (Video) में जो रोलर कोस्टर दिखाया गया है, उसे लेकर वीडियो के कैप्शन में कुछ जानकारी दी गई है। जिसमें बताया गया है कि इस रोलर कोस्टर का नाम Oblivion: The Black Hole है। जो इटली के गार्डलैंड (Gardaland) में गार्डा झील के पास स्थित है। इस रोलर कोस्टर की जो सबसे खास बात है वह है इसकी फ्री फॉल वाली ऊंचाई, जो कि करीब 43 मीटर की है। इससे नीचे आना ऐसा लगता है जैसे आप किसी ऊंची बिल्डिंग से नीचे गिर गए हों। इसी ऊंचाई और रोमांच को लेकर यह रोलर कोस्टर इस वक्त सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट किए गए @awkwardgoogle नामक अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक 27 लाख लोगों ने देखा और 11 हजार लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो पर लोगों के कुछ कमेंट्स भी हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इसे तो देखने के बाद ही मेरा दिल थम सा गया, बैठने की बात तो बहुत दूर है।" दूसरे ने लिखा, "इसमें बैठना मतलब प्राण सूख जाना।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
