Pranab Mukherjee Political Advice: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस छोड़ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ने की सलाह दी थी। अधिकारी के अनुसार मुखर्जी ने कहा था कि अगर वह अपना स्वतंत्र राजनीतिक करियर बनाना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए, वरना वे ममता बनर्जी नीत पार्टी में सिर्फ एक 'कर्मचारी' बनकर रह जाएंगे।
मुख्यमंत्री अधिकारी कूच बिहार में रास मेला के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने इस बारे में और कुछ बताने से इनकार कर दिया और कहा कि वह कांग्रेस के दिवंगत नेता के बारे में और चर्चा नहीं करना चाहते। उन्होंने मुखर्जी को 'महान व्यक्तित्व' बताया। कभी तृणमूल के एक प्रमुख नेता और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री रहे अधिकारी दिसंबर 2020 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे।
प्रणब मुखर्जी को लेकर क्या बोले CM सुवेंदु
मुख्यमंत्री ने कहा, ''प्रणब बाबू अब ईश्वर के पास चले गए हैं। वह अब हमारे बीच नहीं हैं। वह एक महान व्यक्तित्व थे। वह एक सम्मानित हस्ती हैं और मैं इस पर कोई अनावश्यक चर्चा नहीं करना चाहता।'' अधिकारी का यह बयान उस घटना के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने याद किया कि कैसे मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल छोड़ने की सलाह दी थी।
मंगलवार रात कोलकाता में एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में अधिकारी ने तृणमूल को ऐसी पार्टी बताया था जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी नियंत्रित करते हैं। उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली की तुलना एक निजी कंपनी से की, जिसमें अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक होते हैं।
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने 2020 में तृणमूल छोड़ने के अपने फैसले का जिक्र करते हुए कहा, "मैं भी वहां (तृणमूल में) था, लेकिन मैं एक कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहता था। इसलिए मैं बाहर आ गया।" मुख्यमंत्री ने मुखर्जी को अपना "असली सलाहकार" बताया और याद किया कि मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में 65 सक्रिय आतंकवादी!
अधिकारी के अनुसार, उस समय मुखर्जी ने उन्हें यह सोचने की सलाह दी थी कि क्या वह तृणमूल नेतृत्व के तहत काम करना चाहते हैं, या फिर मोदी के साथ जुड़कर स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि यह बातचीत कब हुई थी। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे नेता के शब्दों को लेकर विवाद खड़ा नहीं करना चाहते, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। मुखर्जी 2012 से 2017 तक भारत के राष्ट्रपति थे।
